भाजपा को मिला नया राष्ट्रीय अध्यक्ष, नितिन नवीन ने संभाला पदभार
भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। भाजपा मुख्यालय में आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में नितिन नवीन ने औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवनियुक्त अध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नितिन नवीन अब विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक संगठन का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने बताया कि पार्टी के भीतर पिछले कई महीनों से संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया चली, जो पूरी तरह लोकतांत्रिक रही और अब सफलतापूर्वक संपन्न हुई है।
पीएम मोदी ने भाजपा की आंतरिक चुनाव प्रणाली की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह पार्टी की मजबूत लोकतांत्रिक परंपराओं को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है, जो उसे निरंतर आगे बढ़ाती है।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बीते डेढ़ वर्षों में पार्टी और देश ने कई ऐतिहासिक अवसरों को मनाया है। इनमें डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूरे होना शामिल है। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों से कार्यकर्ताओं को नई प्रेरणा मिली है।
प्रधानमंत्री ने भाजपा की विकास यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी के नेतृत्व में पार्टी ने शून्य से शिखर तक का सफर तय किया। इसके बाद वैकेंया नायडू और नितिन गडकरी ने संगठन विस्तार में अहम योगदान दिया। राजनाथ सिंह के नेतृत्व में पार्टी ने पहली बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई, जबकि अमित शाह के नेतृत्व में भाजपा ने दोबारा सत्ता में वापसी की। जेपी नड्डा के कार्यकाल में पार्टी ने पंचायत से संसद तक अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
नितिन नवीन के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर पीएम मोदी ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि अब से नितिन नवीन उनके बॉस हैं और वे उनके कार्यकर्ता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री होने के बावजूद उनकी सबसे बड़ी पहचान आज भी भाजपा के एक साधारण कार्यकर्ता की ही है।



















