देहरादून: जल संस्थान परिसर में पार्षद और साथियों की दबंगई, मारपीट की घटना सीसीटीवी में कैद; मुकदमा दर्ज
थाना रायपुर क्षेत्र के अंतर्गत एमडीडीए डालनवाला स्थित जल संस्थान के आवासीय परिसर में हंगामे और मारपीट का मामला सामने आया है. इस मामले में क्षेत्रीय पार्षद रॉबिन त्यागी,उनके भाई मोंटी त्यागी, सविता त्यागी समेत 10 से 15 अन्य लोगों के खिलाफ अलग - अलग धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. शिकायत में आरोप है कि आरोपियों ने सरकारी परिसर में जबरन घुसकर कर्मचारियों और उनके परिजनों के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी है.साथ ही मारपीट का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं.
जानकारी के अनुसार एमडीडीए डालनवाला निवासी रॉबिन सैनी ने थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कराई है कि 29 जुलाई की रात करीब 10 बजे उन्हें सूचना मिली कि एक युवक एमडीडीए डालनवाला स्थित ओवरहेड टैंक के ऊपर बैठा है. सूचना मिलते ही उन्होंने पुलिस और जल संस्थान के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी. इसी दौरान एक अन्य युवक भी टैंक की ओर जाने लगा. जिसे पुलिस के आने तक बाहर रुकने के लिए कहा गया.
पढ़ें यह खबर : Ramayana Trailer Review - ट्रेलर में नहीं दिखे रामभक्त हनुमान तो भड़के दर्शक,रणवीर फीके तो यश चमके
इसी दौरान पार्षद रॉबिन त्यागी, उनके भाई मोंटी त्यागी और 10-15 अन्य लोग जल संस्थान के आवासीय परिसर के बाहर पहुंचे. वे अंदर घुसने का प्रयास करने लगे. जब उन्हें रोका गया तो उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी. साथ ही मारपीट की धमकी दी. बाद में सभी ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर परिसर में प्रवेश कर लिया.
पढ़ें यह खबर : ग़ाज़ीपुर में विपक्ष पर जमकर बरसे सीएम योगी, बोले अब असला बारूद नहीं रामलीला का होता है आयोजन
आरोपियों ने पीड़ित के पिता सुंदर सिंह और परिसर में रहने वाले अन्य लोगों के साथ मारपीट की. साथ ही पीड़ित के पिता पर लोहे की रॉड से हमला किया. पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई. पीड़ित ने बताया है कि पूरी घटना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है. जिसकी फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराई जाएगी.
पढ़ें यह खबर : नई टिहरी में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के स्थानांतरण के विरोध में कलेक्टर ऑफिस में उमड़ा जनसैलाब, बाजार बंद
थाना रायपुर प्रभारी संजीत कुमार ने बताया है कि रॉबिन सैनी की शिकायत के आधार पर थाना रायपुर में रॉबिन त्यागी, उनके भाई मोंटी त्यागी और 10-15 अन्य लोग के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 115(2), 191(2), 191(3), 351(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मामले की विवेचना उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह को सौंपी गई है.



















