गुरुग्राम बस स्टैंड के पास बंद सार्वजनिक शौचालय के बाहर मिला डेढ़ महीने का मासूम, पुलिस जांच में जुटी
हरियाणा के गुरुग्राम में मानवता को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां बस स्टैंड के पास स्थित एक बंद सार्वजनिक शौचालय के बाहर लगभग डेढ़ महीने का एक नवजात शिशु लावारिस हालत में मिला। सोमवार दोपहर बच्चे के लगातार रोने की आवाज सुनकर लोगों का ध्यान उसकी ओर गया, जिसके बाद उसे सुरक्षित बाहर निकालकर मदद पहुंचाई गई।
जानकारी के अनुसार, बच्चा बस स्टैंड परिसर के भीतर एटीएम बूथ के पीछे बने सार्वजनिक शौचालय के प्रवेश द्वार के पास पड़ा हुआ था। बताया जा रहा है कि यह शौचालय पिछले कई दिनों से बंद था। दोपहर के समय वहां से गुजर रहे लोगों ने बच्चे के रोने की आवाज सुनी और तेज गर्मी के बीच उसे अकेला देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पढ़ें यह खबर : बद्रीनाथ चढ़ावा चोरी मामले में प्रमोद नौटियाल पुलिस हिरासत में, SIT करेगी पूछताछ
सूचना मिलने पर ईआरवी (इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल) और सेक्टर-14 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने बच्चे को तुरंत अपनी सुरक्षा में लेकर सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में बच्चे की हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है।
डॉक्टरों के अनुसार, लंबे समय तक भूखा रहने और रोते रहने के कारण बच्चा काफी कमजोर हो गया था। उसका इलाज जारी है और स्वास्थ्यकर्मी उसकी लगातार निगरानी कर रहे हैं।
घटना की जांच कर रही पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बच्चे को वहां कौन छोड़कर गया। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पढ़ें यह खबर : हल्द्वानी में एक ही गैलरी में दिखेंगे उत्तराखंड के 30+ GI टैग उत्पाद
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस के पहुंचने से पहले बस स्टैंड पर मौजूद एक ट्रांसजेंडर व्यक्ति ने बच्चे की देखभाल की। उसने पास की दुकान से दूध की बोतल खरीदकर बच्चे को दूध पिलाया और उसे शांत कराने की कोशिश की। बाद में एक महिला पुलिसकर्मी बच्चे को आगे के इलाज के लिए सिविल अस्पताल लेकर गई।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से जल्द ही बच्चे को छोड़ने वाले व्यक्ति की पहचान कर ली जाएगी।
पढ़ें यह खबर :सोनम वांगचुक के समर्थन में आए '3 इडियट्स' के अभिनेता ओमी वैद्य, आमरण अनशन पर जताई चिंता



















