News : उत्तराखंड में रेल संपर्क को मजबूत करने और राज्य के दुर्गम क्षेत्रों तक सुविधाजनक आवागमन सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाल ही में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से नई दिल्ली में महत्वपूर्ण बैठक की।
इस बातचीत का मकसद राज्य में चल रही और प्रस्तावित रेल परियोजनाओं को रफ्तार देना और कुछ नई योजनाओं के लिए केंद्र से सहयोग प्राप्त करना रहा।
मुख्यमंत्री धामी ने बैठक के दौरान राज्य की भौगोलिक चुनौतियों और सीमित रेल नेटवर्क का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करना न सिर्फ स्थानीय जनता की सुविधा के लिए जरूरी है, बल्कि पर्यटन और रक्षा की दृष्टि से भी ये अहम है। उन्होंने कई योजनाओं को विस्तार से रेल मंत्री के समक्ष रखा।
News : प्रमुख मांगें और प्रस्ताव
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से देहरादून-सहारनपुर सुरंग रेल परियोजना पर ध्यान देने को कहा, जिससे पहाड़ी और मैदानी इलाकों के बीच यात्रा और अधिक आसान और तेज़ हो सकेगी। उन्होंने इस सुरंग को ऋषिकेश-कर्णप्रयाग परियोजना की तर्ज पर विकसित करने का सुझाव भी दिया।
इसके अतिरिक्त, टनकपुर से नई दिल्ली तक वंदे भारत ट्रेन चलाने का अनुरोध किया गया, ताकि कुमाऊं अंचल के लोगों को तेज और अत्याधुनिक रेल सुविधा मिल सके। यह पहल न केवल यात्रियों के समय की बचत करेगी, बल्कि पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को भी नया बल देगी।
एक और महत्वपूर्ण मांग रही टनकपुर-बागेश्वर रेल परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना घोषित करने की, जिससे इसका पूर्ण वित्तीय भार केंद्र सरकार उठा सके। इस रूट को लेकर वर्षों से मांग चली आ रही है और इसे कुमाऊं क्षेत्र की जीवन रेखा माना जा रहा है।
धामी ने ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लिंक पर भी जोर दिया, जिसे भविष्य में गंगोत्री-यमुनोत्री धाम से जोड़ने की योजना है। इससे चारधाम यात्रा को सुगम बनाने के साथ-साथ पर्यावरणीय दृष्टिकोण से टिकाऊ यात्रा का मार्ग भी खुलेगा।
News : रेल मंत्री की प्रतिक्रिया
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री की बातों को गंभीरता से लेते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश के लिए सामरिक और धार्मिक दोनों दृष्टियों से महत्वपूर्ण है, इसलिए वहां रेल नेटवर्क को मजबूत करना केंद्र की प्राथमिकता में शामिल है।
उन्होंने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के तहत देवप्रयाग-जानसू सुरंग का सफल ब्रेकथ्रू होने पर खुशी जताई और इसे तकनीकी उपलब्धि करार दिया। लगभग 15 किलोमीटर लंबी यह सुरंग, देश की सबसे लंबी रेल सुरंगों में शामिल होगी।
News : मुख्यमंत्री का विज़न
सीएम धामी ने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के तहत उत्तराखंड में कनेक्टिविटी के हर माध्यम को सशक्त किया जा रहा है। रेल परियोजनाएं सिर्फ यातायात के साधन नहीं बल्कि राज्य के विकास की रीढ़ हैं। हम केंद्र सरकार के सहयोग से हर ज़िले को रेलवे से जोड़ने के लक्ष्य पर काम कर रहे हैं।”
इस मुलाकात ने उत्तराखंड की रेल परियोजनाओं को नई ऊर्जा देने का काम किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से ये साफ हो गया है कि राज्य को भौगोलिक कठिनाइयों से ऊपर उठाकर विकास के पथ पर आगे बढ़ाना उनका प्राथमिक उद्देश्य है। अब उम्मीद है कि जल्द ही इन परियोजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा, जिससे लाखों लोगों को सीधा लाभ मिल सकेगा।
Also Read : News : चारधाम यात्रा की तैयारियों पर सीएम धामी की कड़ी नजर, ट्रांजिट कैंप का किया औचक निरीक्षण!