RISHIKESH BHANIYAWALA 4 LANE PROJECT -सीएम धामी के फैसले से पर्यावरण प्रेमियों को राहत
ऋषिकेश भानियावाला 4 लेन प्रोजेक्ट इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है.जबसे इस प्रोजेक्ट के तहत पेड़ों का कटान शुरू हुआ तबसे ही बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमी वहां पर इसका विरोध कर रहे हैं लेकिन अब सीएम धामी के फैसले से बड़ी राहत मिल सकती है।
ऋषिकेश भानियावाला 4 लेन प्रोजेक्ट राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की परियोजना के तहत बन रहा है जिसके तहत 3000 से अधिक पेड़ों का कटान होना है,इसी के विरोध में लोकपर्व हरेला के दिन प्रदर्शनकारियों ने 'ब्लैक हरेला ' मनाकर विरोध भी जताया।
अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी साझा की जिसमें उन्होंने कहा :
देहरादून–ऋषिकेश फोर/सिक्स लेन परियोजना को लेकर पिछले कुछ दिनों से पर्यावरण प्रेमियों एवं स्थानीय लोगों द्वारा व्यक्त की जा रही चिंताओं और सुझावों का गंभीरता से संज्ञान लिया है।
यह परियोजना भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की एक महत्वपूर्ण अवसंरचना परियोजना है, जिस पर माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों तथा सभी आवश्यक वैधानिक एवं पर्यावरणीय स्वीकृतियों एवं प्रक्रियाओं का पालन करते हुए कार्यवाही की जा रही थी। परियोजना में वन्यजीव संरक्षण को ध्यान में रखते हुए लगभग 3.5 किलोमीटर लंबे हाथी अंडरपास तथा छोटे वन्यजीवों के आवागमन के लिए विशेष कल्वर्ट जैसी व्यवस्थाओं का भी प्रावधान किया गया है, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष एवं सड़क दुर्घटनाओं में वन्यजीवों की मृत्यु की घटनाओं में कमी लाने में सहायता मिलेगी।
विकास हमारे लिए आवश्यक है, लेकिन जनभावनाओं, पर्यावरण और स्थानीय हितों की अनदेखी कर कोई निर्णय नहीं लिया जाएगा। इसी उद्देश्य से प्रमुख सचिव एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी हितधारकों, स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं विशेषज्ञों से पुनः विस्तृत संवाद स्थापित किया जाए।
माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों एवं निर्णय का पूर्ण सम्मान करते हुए आगे की कार्यवाही की जाएगी। साथ ही, जब तक सभी पक्षों के साथ संतोषजनक सहमति एवं विश्वास का वातावरण नहीं बन जाता, तब तक इस परियोजना के अंतर्गत आने वाले पेड़ों का कटान स्थगित रखा जाएगा।
हमारे लिए उत्तराखण्ड की प्रकृति, जनभावनाएँ और प्रदेश का विकास समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। हमारी सरकार संवाद, सहमति और व्यापक जनहित के आधार पर ही आगे बढ़ेगी।
अब देखना होगा कि सीएम धामी के इस फैसले से क्या निष्कर्ष निकलता है.क्या पर्यावरण प्रेमी सरकार के कहने पर प्रदर्शन समाप्त करेंगे और इस परियोजना को रोक दिया जाएगा ,ये तो आने वाले दिनों में ही स्पष्ठ हो पाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने इस परियोजना के विरोध में क्या कहा नीचे दिए गए वीडियो में जरूर देखिए।



















