अमरनाथ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा, गंदरबल में सड़क से फिसली श्रद्धालुओं से भरी बस, कई घायल
श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में चल रही पवित्र अमरनाथ यात्रा के दौरान मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गंदरबल जिले के कंगन क्षेत्र में श्रद्धालुओं को लेकर जा रही एक बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गई और पास बने एक मकान से टकरा गई। हादसे में करीब 40 श्रद्धालु घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस मोड़ पर पहुंचते समय चालक का नियंत्रण बिगड़ गया, जिसके बाद वाहन सड़क से उतरकर एक घर से जा टकराया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बस मकान से नहीं टकराती तो वह गहरी खाई या नदी की ओर जा सकती थी, जिससे कहीं बड़ा हादसा हो सकता था। सौभाग्य से जिस मकान से बस टकराई, उस समय उसमें कोई मौजूद नहीं था।
पढ़ें यह खबर : बिहार बंद हिंसा : AK-47 से फायरिंग करने वाला पुलिस कर्मी सस्पेंड, 450 से अधिक प्रदर्शनकारी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। अधिकारियों के अनुसार अधिकांश श्रद्धालुओं की हालत स्थिर बताई जा रही है और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
हादसे के बाद प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में तेज रफ्तार और मोड़ पर वाहन का संतुलन बिगड़ना दुर्घटना का संभावित कारण माना जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी।
पढ़ें यह खबर : फतेहपुर को सीएम योगी की करोड़ों की सौगात, 489 करोड़ की 125 परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण
अमरनाथ यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पहले से ही विशेष इंतजाम किए गए हैं। इस घटना के बाद प्रशासन ने सभी वाहन चालकों को सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की सलाह दी है, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुचारु रूप से जारी रह सके।
पढ़ें यह खबर : संसद में आज पेश होगा पेपर लीक से जुड़ा विधेयक, सरकार की विपक्ष से समर्थन की अपील



















