ब्रेकिंग

वेब स्टोरी

सीएम योगी के हाथों 1,594 युवाओं को मिला नियुक्ति पत्र, किसी ने 4 तो किसी ने 8 साल की मेहनत के बाद हासिल की सरकारी नौकरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए शुक्रवार का दिन खुशियों से भरा रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में 1,594 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) के माध्यम से आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय में चयनित इन अभ्यर्थियों के चेहरों पर नियुक्ति पत्र मिलते ही खुशी साफ नजर आई। किसी ने चार साल तो किसी ने आठ साल तक लगातार मेहनत कर इस मुकाम को हासिल किया।

मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र पाकर भावुक हुए युवा

नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम कई अभ्यर्थियों के लिए यादगार बन गया। लखनऊ निवासी संस्कृति मेहरोत्रा का चयन सहायक लेखाकार के पद पर हुआ है। उन्होंने बताया कि वह पिछले चार साल से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रही थीं। उनके मुताबिक पूरी भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी रही। आवेदन शुल्क और आने-जाने के खर्च के अलावा उन्हें किसी तरह का अतिरिक्त पैसा खर्च नहीं करना पड़ा। मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र मिलना उनके लिए बड़ी उपलब्धि है।

दो साल की तैयारी के बाद डिंपल यादव बनीं लेखा परीक्षक

बलिया की रहने वाली डिंपल यादव का चयन लेखा परीक्षक के पद पर हुआ है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 से लगातार तैयारी कर रही थीं और आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई। डिंपल ने महिलाओं की सुरक्षा और युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों को लेकर सरकार के प्रयासों की सराहना की।

वहीं मुरादाबाद की सोनम सैनी का चयन सहायक लेखाकार के पद पर हुआ है। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बताते हुए कहा कि कहीं भी रिश्वतखोरी का सामना नहीं करना पड़ा। मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र प्राप्त करना उनके लिए बेहद खुशी का पल है।

आठ साल की मेहनत के बाद उत्सव सक्सेना को मिली सफलता

लखीमपुर खीरी के कपिल कुमार का चयन लेखा परीक्षक के पद पर हुआ है। उन्होंने नियुक्ति पत्र मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष बताया।

वहीं शाहजहांपुर के उत्सव सक्सेना का चयन सहायक लेखाकार के पद पर हुआ है। उन्होंने बताया कि वह पिछले आठ साल से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे थे। उनके अनुसार भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी होने के साथ तेजी से पूरी हुई और आखिरकार उन्हें अपनी मेहनत का फल मिल गया।

यूट्यूब से पढ़ाई कर अभय प्रताप बने सहायक लेखाकार

मैनपुरी निवासी अभय प्रताप सिंह की सफलता भी खास है। उन्होंने बताया कि पिछले दो से तीन साल से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे थे और यूट्यूब के माध्यम से पढ़ाई करके यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

वहीं झांसी के कृष्णकांत व्यास का चयन भी सहायक लेखाकार के पद पर हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र प्राप्त करने के पल को अपने जीवन का ऐतिहासिक और भावुक क्षण बताया।

युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों पर सरकार का जोर

कार्यक्रम के दौरान चयनित अभ्यर्थियों ने अपनी सफलता के अनुभव साझा किए और भर्ती प्रक्रिया को लेकर अपनी राय रखी। नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में 1,594 युवाओं को सरकारी सेवा में शामिल होने का अवसर मिला। लंबे समय तक तैयारी करने वाले इन अभ्यर्थियों के लिए यह दिन उनकी मेहनत, धैर्य और संघर्ष के परिणाम के रूप में सामने आया।