ब्रेकिंग

वेब स्टोरी

29 नवंबर को अयोध्या में होगा रामलला का तिलकोत्सव, जनकपुर से 51 तिलकहरू लेकर आएंगे भगवान राम के ससुराल वाले

अयोध्या और नेपाल के जनकपुर के बीच सदियों पुराने धार्मिक और सांस्कृतिक रिश्तों की मिठास एक बार फिर देखने को मिलेगी। भगवान श्रीराम को अपना पाहुन (दामाद) मानने वाले माता जानकी के मायके जनकपुरधाम के लोग 29 नवंबर को अयोध्या पहुंचकर रामलला का पारंपरिक तिलकोत्सव करेंगे। इस आयोजन में नेपाल के मधेश प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष रामाशीष यादव के नेतृत्व में 51 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल शामिल होगा।

जनकपुर से 51 तिलकहरू लेकर आएगा प्रतिनिधिमंडल

रामलला के तिलकोत्सव के लिए जनकपुरधाम से 51 तिलकहरू अयोध्या पहुंचेंगे। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व मधेश प्रदेश के सभामुख यानी विधानसभा अध्यक्ष रामाशीष यादव करेंगे। इस दल में जनकपुर के मेयर मनोज साह, जानकी मंदिर के महंत राम तपेश्वर दास वैष्णव, नेपाल विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय सदस्य मनोहर साह और धनुषा जिले के विहिप अध्यक्ष संतोष साह सहित कई प्रमुख लोग शामिल होंगे।

इस बार प्रतिनिधिमंडल में 10 महिलाएं भी शामिल रहेंगी, जो माता सीता की सखियों के रूप में इस पारंपरिक समारोह का हिस्सा बनेंगी। जानकारी के मुताबिक, जनकपुर से यह दल 28 नवंबर को अयोध्या के लिए रवाना होगा और 29 नवंबर की सुबह रामनगरी पहुंचेगा।

रामसेवकपुरम में निभाई जाएगी तिलकोत्सव की परंपरा

अयोध्या के रामसेवकपुरम में सादे लेकिन पारंपरिक समारोह के बीच भगवान श्रीराम का तिलक चढ़ाया जाएगा। मिथिला की विवाह परंपरा के अनुसार, जनकपुर से आने वाले तिलकहरू अपने पाहुन भगवान श्रीराम के लिए नेग स्वरूप सोने-चांदी के आभूषण, फल, मेवा और अन्य उपहार लेकर पहुंचेंगे।

तिलकोत्सव की रस्म पूरी होने के बाद अयोध्या से जनकपुरधाम के लिए प्रतीकात्मक राम बरात रवाना करने की भी तैयारी है। इस बरात में अयोध्या के साधु-संतों और विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों के शामिल होने की संभावना है।

क्या है तिलकोत्सव की परंपरा?

मिथिलांचल में विवाह से पहले वधू पक्ष की ओर से वर पक्ष के घर जाकर तिलक चढ़ाने की विशेष परंपरा है। इस रस्म में वधू पक्ष के लोग तिलक और उपहार लेकर पहुंचते हैं। इन्हें स्थानीय परंपरा में तिलकहरू कहा जाता है।

धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान श्रीराम का विवाह माता सीता से जनकपुर में हुआ था। इसी रिश्ते को आधार बनाकर जनकपुर के लोग भगवान श्रीराम को अपना पाहुन यानी दामाद मानते हैं और अयोध्या आकर तिलक की रस्म निभाते हैं।

2024 में 501 तिलकहरू लेकर पहुंचे थे नेपाल के मुख्यमंत्री

अयोध्या में रामलला के तिलकोत्सव की इस नई परंपरा की शुरुआत वर्ष 2024 में हुई थी। 18 नवंबर 2024 को नेपाल के तत्कालीन मधेश प्रदेश के मुख्यमंत्री सतीश कुमार सिंह अपने पांच कैबिनेट मंत्रियों, जनकपुर के मेयर और कुल 501 तिलकहरुओं के साथ अयोध्या पहुंचे थे।

उस दौरान रामसेवकपुरम में भव्य समारोह आयोजित किया गया था। विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय ने राजा दशरथ की भूमिका निभाई थी, जबकि जानकी मंदिर के छोटे महंत रामरोशन दास ने राजा जनक की भूमिका निभाई थी। इस आयोजन ने भारत और नेपाल के धार्मिक एवं सांस्कृतिक रिश्तों को नई पहचान दी थी।

भारत-नेपाल के रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती

अयोध्या और जनकपुर का संबंध केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि दोनों क्षेत्रों के बीच पारिवारिक और सांस्कृतिक जुड़ाव की भी लंबी परंपरा रही है। रामलला का तिलकोत्सव इसी रिश्ते का प्रतीक माना जाता है।

इस बार 51 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की मौजूदगी में होने वाला यह आयोजन दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी प्रेम, आस्था और सांस्कृतिक विरासत को और मजबूत करने का संदेश देगा। खास बात यह भी है कि हाल ही में अयोध्या और जनकपुर के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस रेल सेवा की शुरुआत ने दोनों धार्मिक नगरों की कनेक्टिविटी को नया आयाम दिया है।

अब 29 नवंबर को होने वाले तिलकोत्सव पर अयोध्या और जनकपुर के श्रद्धालुओं की निगाहें टिकी हैं।