सरदार पटेल की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री योगी ने किया नमन, कहा— आधुनिक भारत की नींव रखने वाले थे लौहपुरुष
लखनऊ। भारत रत्न और देश के एकीकरण के सूत्रधार सरदार वल्लभभाई पटेल की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। मुख्यमंत्री ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके योगदान को याद किया और आधुनिक भारत के निर्माण में उनकी ऐतिहासिक भूमिका को रेखांकित किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन राष्ट्रसेवा, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति का अनुपम उदाहरण है। यदि उन्हें और समय मिला होता, तो भारत का प्रशासनिक और राजनीतिक ढांचा और अधिक सशक्त रूप में सामने आता, लेकिन 15 दिसंबर 1950 को उनका देहावसान देश के लिए एक अपूरणीय क्षति बन गया। इसके बावजूद उनका योगदान भारत के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज है।
मुख्यमंत्री ने सरदार पटेल के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 31 अक्टूबर 1875 को गुजरात के करमसद गांव में एक साधारण किसान परिवार में जन्मे पटेल ने कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर उच्च शिक्षा प्राप्त की। उनका उद्देश्य केवल व्यक्तिगत उन्नति नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता और आत्मसम्मान के लिए कार्य करना था। इसी संकल्प के साथ उन्होंने आजादी के आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाई और अनेक बार जेल गए, लेकिन कभी अपने मार्ग से विचलित नहीं हुए।
सीएम योगी ने कहा कि स्वतंत्रता के समय देश के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती 500 से अधिक रियासतों का एकीकरण था। सरदार पटेल ने अपने दूरदर्शी नेतृत्व, कूटनीति और दृढ़ निर्णयों से 567 रियासतों को भारत गणराज्य में सम्मिलित कर देश की एकता को मजबूत किया। जूनागढ़ और हैदराबाद जैसी जटिल परिस्थितियों को भी उन्होंने बिना व्यापक रक्तपात के सुलझाकर भारत की अखंडता सुनिश्चित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल केवल राजनीतिक नेता ही नहीं, बल्कि कुशल प्रशासक भी थे। गृहमंत्री के रूप में उन्होंने देश की प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत आधार दिया, सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया और ऐसी व्यवस्थाएं खड़ी कीं, जिन पर आज भी भारत की शासन प्रणाली टिकी हुई है।
उन्होंने कहा कि आज का भारत लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को आधुनिक राष्ट्र के शिल्पकार के रूप में सदैव स्मरण करता रहेगा। उनका जीवन और विचार हर भारतवासी के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक और विधान परिषद सदस्य, भाजपा पदाधिकारी तथा सरदार पटेल स्मृति समारोह समिति से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Watch Video
Watch the full video for more details on this story.











