यहां सेना के जवान ने ट्रेन में लड़की के साथ की दरिंदगी, गिरफ्तार
झारखंड की राजधानी रांची के टाटीसिलवे रेलवे स्टेशन पर एक युवती के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप भारतीय सेना के एक जवान पर लगा है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी की पहचान अजीत सिंह के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद का निवासी बताया जा रहा है। वह वर्तमान में पंजाब के पटियाला स्थित 42 मीडियम रेजिमेंट में तैनात है। आरोप है कि अजीत सिंह ने बातचीत के बहाने युवती को अपने झांसे में लिया और जबरन रेलवे स्टेशन पर खड़ी एक ट्रेन की खाली बोगी में ले गया। वहां उसने धमकी देकर युवती के साथ दुष्कर्म किया। यह घटना 18 दिसंबर की रात की बताई जा रही है।
घटना के दौरान जब युवती ने विरोध करते हुए शोर मचाया, तो मौके पर मौजूद जीआरपी के जवानों ने हस्तक्षेप किया और आरोपी को पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मियों को धक्का देकर भागने का प्रयास किया, लेकिन रेलवे पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे दबोच लिया। इसके बाद आरोपी को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।
पीड़िता ने रेल थाना रांची में लिखित शिकायत दी है। अपने बयान में उसने बताया कि 18 दिसंबर की शाम वह टाटीसिलवे रेलवे स्टेशन पर रांची जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रही थी। तभी एक व्यक्ति ने उसे जबरन पास खड़ी ट्रेन की खाली बोगी में ले जाकर धमकाया और उसके साथ बलात्कार किया। युवती के बयान के आधार पर रेल थाना रांची में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया और आरोपी अजीत सिंह को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल कर रही है।
गौरतलब है कि झारखंड में इससे पहले भी सुरक्षा बलों से जुड़े कर्मियों पर ऐसे गंभीर आरोप सामने आ चुके हैं। जनवरी 2025 में राज्य के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स में इलाज के लिए पहुंची एक युवती के साथ वहां तैनात सैप (विशेष सशस्त्र पुलिस) के जवान ने जांच के बहाने अस्पताल की छत पर ले जाकर दुष्कर्म किया था। उस मामले में बरियातू थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सैप जवान संतोष कुमार बारला को गिरफ्तार किया था।
Watch Video
Watch the full video for more details on this story.











