घने कोहरे में यमुना एक्सप्रेस वे पर भीषण हादसा, कई वाहन आपस में भिड़े
मथुरा। यमुना एक्सप्रेस वे पर मंगलवार तड़के घने कोहरे ने बड़ा हादसा करा दिया। बलदेव थाना क्षेत्र में 127 किलोमीटर माइलस्टोन के पास कम दृश्यता के कारण कई वाहन आपस में टकरा गए। इस दर्दनाक दुर्घटना में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 80 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं। प्रशासन की टीमें मृतकों की पहचान और राहत कार्य में जुटी हुई हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सुबह करीब साढ़े तीन बजे कोहरा इतना घना था कि कुछ ही मीटर की दूरी पर चल रहे वाहन नजर नहीं आ रहे थे। इसी दौरान एक वाहन के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे से आ रहे वाहन उससे टकरा गए और देखते ही देखते हादसा श्रृंखलाबद्ध टक्कर में बदल गया। इस दुर्घटना में सात बसें और तीन कारें क्षतिग्रस्त हो गईं।
टक्कर के बाद कुछ वाहनों में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। यात्रियों में चीख-पुकार सुनाई देने लगी। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और यमुना एक्सप्रेस वे प्राधिकरण की टीमें मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल मथुरा, 100 शैय्या अस्पताल वृंदावन और बलदेव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल मरीजों को एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा रेफर किया गया है। अस्पतालों में घायलों का इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के समय दृश्यता लगभग शून्य थी। कानपुर निवासी अमन यादव ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ वृंदावन दर्शन के लिए जा रहे थे, तभी अचानक सामने से आए वाहन से टक्कर हो गई और पीछे से कई वाहन एक-दूसरे से भिड़ते चले गए।
वहीं हमीरपुर की नसीमा ने बताया कि वह अपने पति के साथ मजदूरी के लिए पानीपत जा रही थीं। उनकी बस की सामने से आ रही दूसरी बस से जोरदार टक्कर हो गई, जिसके बाद आग लग गई। किसी तरह वह बाहर निकल आईं, लेकिन उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद आगरा से नोएडा की ओर जाने वाले यमुना एक्सप्रेस वे पर लंबा जाम लग गया। यातायात पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों से वाहनों को निकालकर स्थिति को धीरे-धीरे सामान्य किया।
मंडल आयुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि चार मृतकों की पहचान कर ली गई है, जबकि अन्य की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। प्रशासन ने लोगों से कोहरे के दौरान सावधानी से वाहन चलाने और आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की अपील की है।
Watch Video
Watch the full video for more details on this story.











