ठाणे जिले में पहली बार सांसद महासंग्राम क्रीड़ा महोत्सव का आयोजन, 75 हजार खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
32 खेलों में प्रतिभा दिखाएंगे खिलाड़ी, उभरती खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच दिलाने पर रहेगा जोर
कल्याण, महाराष्ट्र। ठाणे जिले में पहली बार बड़े स्तर पर सांसद महासंग्राम क्रीड़ा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आयोजित इस खेल महोत्सव में करीब 75 हजार खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया है। महोत्सव के तहत कुल 32 प्रकार के खेलों का आयोजन किया जा रहा है।
कल्याण लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे ने कहा कि जिले में पहली बार इतने बड़े स्तर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन एक साथ किया जा रहा है। इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य बच्चों और युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर देना और जिले की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाना है।
सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से उभरते हुए खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उनकी क्षमता को निखारने के लिए बेहतर प्रशिक्षण की व्यवस्था पर जोर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि खेल महोत्सव का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताओं का आयोजन करना नहीं, बल्कि ऐसे खिलाड़ियों को तैयार करना भी है, जो भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर सकें और भारत के लिए पदक जीतने का गौरव हासिल करें।
75 हजार खिलाड़ियों की भागीदारी और 32 खेलों के आयोजन के साथ यह महोत्सव ठाणे जिले में खेल प्रतिभाओं को एक बड़ा मंच देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।









