कल्याण में सुनार के लापता होने से मचा हड़कंप, पत्नी ने दर्ज कराई शिकायत; पुलिस CCTV खंगालने में जुटी
ब्रेसलेट बनाने को लेकर हुआ था विवाद, तीन लोग सुनार लक्ष्मीकांत अधिकारी को दुकान ले गए थे; अपहरण या खुद गायब होने की आशंका की जांच कर रही पुलिस
कल्याण, महाराष्ट्र। कल्याण में एक सुनार के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। लापता सुनार की पहचान लक्ष्मीकांत अधिकारी के रूप में हुई है। उनकी पत्नी ने इस मामले में कल्याण के महात्मा फुले पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। घटना के बाद इलाके में हलचल मच गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति ने सुनार लक्ष्मीकांत अधिकारी को महंगा ब्रेसलेट बनाने का काम दिया था। हालांकि, सुनार द्वारा ब्रेसलेट नहीं बनाए जाने के बाद तीन लोग पूछताछ के लिए उनके घर पहुंचे।
बताया जा रहा है कि तीनों लोग लक्ष्मीकांत अधिकारी को अपने साथ उनकी दुकान पर लेकर गए थे। लेकिन दुकान जाने के बाद वह वापस घर नहीं लौटे। इसके बाद उनकी पत्नी ने पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए महात्मा फुले पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि लक्ष्मीकांत अधिकारी का अपहरण किया गया है या वह खुद शाहपुर इलाके से कहीं चले गए हैं।
फिलहाल पुलिस ने लापता सुनार की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस जांच और लक्ष्मीकांत अधिकारी के मिलने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।









