ब्रेकिंग

वेब स्टोरी

हरिद्वार में IB ऑफिसर पर उन्हीं के चालक ने चलाई गोली, एम्स में किया गया भर्ती

हरिद्वार जिले में हुई घटना ने सनसनी फैला दी दरअसल इंटेलिजेंस ब्यूरो में एसपी के पद पर हरिद्वार में तैनात सीपी नौटियाल पर उनके ही वाहन चालक विनोद नेगी ने गोली चला दी. गोली एसपी के माथे के पास से निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया.

जानकारी के मुताबिक, कनखल थाना क्षेत्र के अंतर्गत क्षेत्रीय कार्यालय में तैनात आईबी एसपी सीपी नौटियाल और उनके चालक के बीच कुछ समय से नाराजगी चल रही थी. इसी के चलते चालक ने एसपी पर गोली चला दी. गोली माथे के पास लगने से वह घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.

पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. घटना के कारणों और गोली चलाने के पीछे की वजह की जांच की जा रही है. घायल एसपी को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया. जहां उनका उपचार किया जा रहा है. पुलिस अधिकारियों की ओर से मामले में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है.

हरिद्वार में था आज वीआईपी मूवमेंट :

आज हरिद्वार में उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री सीएम योगी आदित्यनाथ की दिवंगत मां सावित्री देवी का अंतिम संस्कार किया गया. अंतिम संस्कार में यूपी, उत्तराखंड और दिल्ली से कई मंत्री विधायक और सांसद पहुंचे थे. ऐसे में वीवीआईपी मूवमेंट के बीच इस घटना से शहर में हड़कंप मच गया है.