ब्रेकिंग

वेब स्टोरी

CM योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का निधन, 91 वर्ष की उम्र में पंचूर गांव में ली अंतिम सांस; सीएम धामी ने जताया गहरा शोक

देहरादून।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शुक्रवार को 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से परिवार और शुभचिंतकों में शोक का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, सावित्री देवी पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रही थीं। योगी आदित्यनाथ के भाई महेंद्र ने उनके निधन की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजकर 50 मिनट पर उन्होंने अंतिम सांस ली।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने जताया दुख

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सावित्री देवी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर इसे अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताया।

सीएम धामी ने अपने शोक संदेश में लिखा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।

उन्होंने बाबा केदार से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित समस्त शोकाकुल परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

हरिद्वार में हो सकता है अंतिम संस्कार

पौड़ी गढ़वाल के एसएसपी सर्वेश पंवार ने भी सावित्री देवी के निधन की पुष्टि की है। प्रशासन और पुलिस परिवार के संपर्क में हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सावित्री देवी का अंतिम संस्कार शनिवार को हरिद्वार में किए जाने की संभावना है।

पंचूर गांव से जुड़ा है योगी आदित्यनाथ का बचपन

पौड़ी गढ़वाल का पंचूर गांव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पैतृक गांव है। उनका बचपन इसी गांव में बीता था। योगी आदित्यनाथ मई 2022 में लंबे समय बाद अपने पैतृक गांव पहुंचे थे, जहां उन्होंने अपनी मां सावित्री देवी से मुलाकात कर उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया था।

सावित्री देवी के निधन से परिवार ने अपना एक अहम सदस्य खो दिया है। वहीं, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों से भी शोक संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं।