डोंबिवली में निर्माणाधीन इमारत से लाखों की चोरी का पर्दाफाश, कबाड़ी व्यवसायी समेत पांच गिरफ्तार
डोंबिवली, महाराष्ट्र:डोंबिवली पश्चिम में निर्माणाधीन इमारत की साइट से लाखों रुपये की एल्युमिनियम प्लेटें और निर्माण सामग्री चोरी करने वाले गिरोह का विष्णुनगर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने कबाड़ी व्यवसायी समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की गई एल्युमिनियम की 87 प्लेटें और वारदात में इस्तेमाल किया गया टेम्पो जब्त किया है। बरामद सामान की कुल कीमत 6 लाख 91 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, डोंबिवली पश्चिम के स्वामीनारायण सिटी परिसर में एक इमारत का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य के लिए साइट पर रखी गई एल्युमिनियम की प्लेटें और अन्य सामग्री अचानक गायब हो गई थीं। इसके बाद साइट इंजीनियर ऋतुराज ज्ञानेश्वर पाटिल ने विष्णुनगर पुलिस स्टेशन में चोरी की शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और घटनास्थल के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सीसीटीवी फुटेज में चोरी की वारदात में इस्तेमाल किया गया टेम्पो दिखाई दिया। पुलिस ने टेम्पो के नंबर के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और मुख्य आरोपी कबाड़ी व्यवसायी अमितकुमार शिल्पकार तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
पुलिस ने अमितकुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान चोरी की वारदात में शामिल अन्य साथियों के नाम सामने आए। इसके बाद पुलिस ने राहुल पागी, आदित्य खांजोडे, प्रकाश घोलप और सागर घाटाळ को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई एल्युमिनियम की 87 प्लेटें और चोरी में इस्तेमाल किया गया टेम्पो बरामद किया है। इस पूरी कार्रवाई में पुलिस ने कुल 6 लाख 91 हजार रुपये का मुद्देमाल जब्त किया है।
सीसीटीवी फुटेज बना अहम सुराग
इस मामले में सीसीटीवी फुटेज पुलिस के लिए सबसे अहम सुराग साबित हुआ। टेम्पो की पहचान और उसके नंबर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचकर चोरी के मामले का खुलासा किया।
फिलहाल इस कार्रवाई के बाद निर्माणाधीन इमारतों की साइट पर रखी निर्माण सामग्री की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं।









