ब्रेकिंग

वेब स्टोरी

सिलेंडर ब्लास्ट के बाद मकान में लगी भीषण आग, मां और दो मासूम बेटियों की दर्दनाक मौत

शामली (उत्तर प्रदेश):उत्तर प्रदेश के शामली जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। बाबरी थाना क्षेत्र के कैड़ी गांव में बुधवार देर रात एक मकान में अचानक आग लगने और सिलेंडर में धमाके के बाद तीन लोगों की जान चली गई। इस हादसे में 32 वर्षीय महिला और उसकी दो बेटियों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
 

आधी रात को हुआ धमाका, आग ने पूरे मकान को लिया चपेट में

जानकारी के मुताबिक, हादसा बुधवार रात करीब 12 बजे हुआ। उस समय परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कमरों में सो रहे थे। शुरुआती जानकारी के अनुसार, घर की रसोई में शॉर्ट सर्किट होने के बाद आग लगने की आशंका है। इसके बाद सिलेंडर में जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते आग ने मकान के एक बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।

धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज दूर तक सुनाई दी। घर से उठती आग की ऊंची लपटों को देखकर आसपास के लोग भी दहशत में आ गए।

मां और दो बेटियां कमरे में फंसीं, छत गिरने से नहीं मिला बाहर निकलने का मौका

हादसे के समय महिला शाहिदा (32) अपनी बेटियों अदन (13) और माहिरा (11) के साथ कमरे में मौजूद थीं। आग तेजी से फैलने के दौरान कमरे की छत भी गिर गई। इसके चलते तीनों अंदर ही फंस गईं और बाहर नहीं निकल सकीं।

वहीं, दूसरे कमरे में सो रहे शाहिदा के पति और उनके दोनों बेटे धमाके की आवाज सुनकर जाग गए। उन्होंने आग पर काबू पाने और कमरे में फंसे परिजनों को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वे अंदर तक नहीं पहुंच सके।

दो घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन, मलबे से बरामद हुए शव

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

इसके बाद मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए करीब दो घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान शाहिदा और उनकी दोनों बेटियों के शव बरामद किए गए।

सिलेंडर ब्लास्ट या शॉर्ट सर्किट? जांच में जुटी पुलिस

बाबरी थाना पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में रसोई में आग लगने और सिलेंडर ब्लास्ट की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

बताया जा रहा है कि पड़ोस में लगे CCTV कैमरे में धमाके और आग लगने की घटना रिकॉर्ड हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।