CM योगी का बड़ा बयान: 'Lawless Land' से 'Land of Law' बना उत्तर प्रदेश, NSG-ATS कमांडोज ने दिखाया दम
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ पुलिस लाइंस में राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) और उत्तर प्रदेश पुलिस के संयुक्त क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने यूपी पुलिस और एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अब 'Lawless Land' से 'Land of Law' बन चुका है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि देश की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
NSG और यूपी पुलिस मिलकर आतंकवाद से निपटने की तैयारी करेंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य NSG और यूपी पुलिस की विभिन्न इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और आतंकवाद निरोधी अभियानों की क्षमता को मजबूत करना है।
प्रशिक्षण के दौरान आतंकी हमलों, महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर हमले, बंधक बनाए जाने और बंधकों को सुरक्षित बाहर निकालने जैसी आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारी की जाएगी। NSG के विशेषज्ञ यूपी पुलिस के अधिकारियों और जवानों को व्यावहारिक प्रशिक्षण देंगे।
12 मंजिला इमारत में घुसे आतंकी, हेलीकॉप्टर से उतरे NSG कमांडो
कार्यक्रम का सबसे खास आकर्षण NSG और यूपी ATS के कमांडोज का करीब 50 मिनट का लाइव मॉक ड्रिल रहा।
अभ्यास के दौरान एक काल्पनिक स्थिति तैयार की गई, जिसमें 12 मंजिला इमारत के बी ब्लॉक में 8 से 10 आतंकियों के घुसने और लोगों को बंधक बनाने की सूचना दी गई।
इसके बाद सुरक्षा बलों ने संयुक्त अभियान का प्रदर्शन किया। NSG कमांडो हेलीकॉप्टर से पहुंचे और रस्सियों के सहारे इमारत की छत पर उतरे। मॉक ड्रिल में कमांडोज ने इमारत में प्रवेश कर आतंकियों को निष्क्रिय करने और बंधकों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास किया।
इस अभियान में NSG की K-9 टीम के प्रशिक्षित डॉग ने भी हिस्सा लिया। कार्यक्रम में पांच अलग-अलग परिस्थितियों के जरिए सुरक्षा एजेंसियों की तैयारियों का प्रदर्शन किया गया।
न अपराधियों को अभय, न आतंकियों को अवसर'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर केंद्र और राज्य सरकार की नीति स्पष्ट है। न अपराधियों को अभय मिलेगा, न आतंकियों को अवसर और न ही देश की सुरक्षा से कोई समझौता होगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने अपनी सुरक्षा नीति की स्पष्ट सीमाएं तय की हैं। मुख्यमंत्री ने 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक, 2019 की बालाकोट एयर स्ट्राइक और 2025 के ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत आतंकी गतिविधियों का जवाब देने में सक्षम है।
यूपी ATS की 21 फील्ड यूनिट्स तैनात
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश में वर्तमान में ATS की 21 फील्ड यूनिट्स तैनात हैं। उनके अनुसार, वर्ष 2017 के बाद इंडो-नेपाल सीमा, नक्सल प्रभावित जिलों और प्रमुख धार्मिक एवं संवेदनशील क्षेत्रों में नई फील्ड यूनिट्स स्थापित की गई हैं।
उन्होंने यूपी ATS की समर्पित महिला कमांडो टीम का भी उल्लेख किया और कहा कि महिलाओं की भागीदारी सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बना रही है।
महिला कमांडो टीम और आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था पर जोर
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बदलती सुरक्षा चुनौतियों के दौर में आधुनिक तकनीक, बेहतर रणनीति और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच तालमेल बेहद जरूरी है।
उन्होंने डार्क वेब, क्रिप्टो वॉलेट और साइबर माध्यमों से होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी की आवश्यकता भी बताई। मुख्यमंत्री के मुताबिक, संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम से सुरक्षा बलों की आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया और आतंकवाद निरोधी क्षमता को और मजबूती मिलेगी।
योगी सरकार का सुरक्षा व्यवस्था पर फोकस
लखनऊ में आयोजित यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके जरिए कमांडोज को विभिन्न आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में यूपी पुलिस और ATS के योगदान को सराहते हुए कहा कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित करना सरकार की प्राथमिकता है।









