ब्रेकिंग

वेब स्टोरी

यूपी में छूटे मतदाताओं को जोड़ने की कमान संभालेंगे CM योगी, BJP का प्रदेशव्यापी अभियान तेज; लखनऊ में आज बड़ी कार्यशाला

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मतदाता सूची को दुरुस्त कराने और छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने की मुहिम तेज कर दी है। इस अभियान की कमान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद संभाल ली है। शुक्रवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में भाजपा की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी, जिसमें मुख्यमंत्री पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अभियान की रणनीति समझाएंगे।

कार्यशाला में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह भी मौजूद रहेंगे। पार्टी का लक्ष्य है कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान कोई भी पात्र मतदाता अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रह जाए
 

1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम गायब होने का दावा

दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एसआईआर (Special Intensive Revision) से पहले और बाद की मतदाता सूचियों का हवाला देते हुए दावा किया था कि उत्तर प्रदेश में करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में नहीं हैं।

मुख्यमंत्री द्वारा बताए गए आंकड़ों के मुताबिक, इनमें करीब 66 लाख ऐसे मतदाता हैं, जिनके नाम पंचायत की मतदाता सूची में दर्ज हैं, लेकिन विधानसभा की मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं।

इसके अलावा करीब 55 लाख सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों और 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के लगभग साढ़े चार लाख युवाओं के नाम भी मतदाता सूची में नहीं होने की बात कही गई है।

सीएम योगी ने यह भी दावा किया था कि प्रदेश में मुस्लिम मतदाताओं की संख्या बढ़ी है, जबकि हिंदू मतदाताओं की संख्या में गिरावट आई है। भाजपा अब इन्हीं आंकड़ों के आधार पर अपने संगठनात्मक स्तर पर अभियान चलाने की तैयारी में है।
 

तीन श्रेणियों में होगी छूटे मतदाताओं की पहचान

भाजपा की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में छूटे हुए मतदाताओं की पहचान के लिए तीन प्रमुख श्रेणियों पर विशेष जोर दिया जाएगा। पार्टी पदाधिकारियों को बताया जाएगा कि पंचायत मतदाता सूची में नाम होने के बावजूद विधानसभा मतदाता सूची से बाहर रह गए लोगों की पहचान कैसे की जाए।

इस अभियान की जिम्मेदारी जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, अभियान संयोजक और विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों को सौंपी जाएगी। इसके लिए जिलेवार रणनीति तैयार की जाएगी, ताकि प्रदेश के हर क्षेत्र में पात्र मतदाताओं तक पहुंच बनाई जा सके।

BJP के सभी मोर्चे और प्रकोष्ठ अभियान में होंगे शामिल

मतदाता सूची सुधार अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने के लिए भाजपा अपने सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों को सक्रिय करेगी। पार्टी कार्यकर्ताओं को पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए निर्वाचन आयोग की निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कराने की जिम्मेदारी दी जाएगी।

पार्टी का जोर इस बात पर रहेगा कि एसआईआर के बाद मतदाता सूची के पुनरीक्षण में किसी भी पात्र नागरिक का नाम छूटने न पाए।

विधानसभा चुनाव से पहले BJP की बड़ी तैयारी

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा इस अभियान को राजनीतिक और संगठनात्मक दृष्टि से अहम मान रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में शुरू होने वाली यह मुहिम बूथ स्तर तक पहुंचाई जाएगी।

लखनऊ में होने वाली प्रदेश स्तरीय कार्यशाला को इसी अभियान की दिशा और रणनीति तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब देखना होगा कि भाजपा का यह अभियान प्रदेश में मतदाता सूची के पुनरीक्षण और नए पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने में कितना प्रभावी साबित होता है।