श्री चित्रगुप्त महोत्सव पर सामूहिक कलम-दवात पूजन का भव्य आयोजन, कायस्थ समाज ने की सुख-समृद्धि की कामना
देहरादून। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा, उत्तराखंड के तत्वावधान में राजधानी देहरादून में श्री चित्रगुप्त महोत्सव बड़े हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर सामूहिक कलम-दवात पूजन का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें कायस्थ समाज सहित सर्व समाज के सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महासभा के प्रदेश अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव द्वारा भगवान श्री चित्रगुप्त जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित करके किया गया। इसके पश्चात उपस्थित जनसमूह ने सामूहिक रूप से आरती की। राजपुरोहित आचार्य शशिकांत जी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत रूप से सामूहिक कलम-दवात पूजन संपन्न कराया। पूजन के दौरान संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया और श्रद्धालुओं ने भगवान चित्रगुप्त से अपने परिवार की सुख-शांति, समृद्धि तथा बच्चों की उज्ज्वल शिक्षा एवं सफल भविष्य की कामना की।
पढ़ें यह खबर : उत्तराखंड के मर्चेंट नेवी कैप्टन पंत मामले में कल ब्रिटेन के कोर्ट में सुनवाई, खबर में जानिए क्या है पूरा मामला
इस अवसर पर अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने कहा कि कलम-दवात पूजन केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं है, बल्कि यह विद्या, लेखन और ईमानदार कर्म के प्रति हमारे सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भगवान चित्रगुप्त को लेखनी और न्याय का देवता माना जाता है, इसलिए इस दिन कलम की पूजा कर समाज अपने कार्य और कर्तव्यों के प्रति पूर्ण निष्ठा का संकल्प लेता है।
पढ़ें यह खबर : उत्तराखंड में 12 नवम्बर से शीतकालीन चार धाम यात्रा का शुभारंभ, जानिए कहां कर सकेंगे गद्दी स्थलों के दर्शन
समारोह में समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं और मातृशक्ति की विशेष भागीदारी रही। कार्यक्रम के समापन पर प्रसाद वितरण किया गया और सभी ने एक-दूसरे को चित्रगुप्त महोत्सव की बधाई दी।
कार्यक्रम में इनकी रही मुख्य उपस्थिति:
इस भव्य आयोजन में महासभा के संरक्षक अतुल श्रीवास्तव, संरक्षक गगन श्रीवास्तव, संगठन मंत्री सुशील सक्सेना, उपाध्यक्ष रवि सरन, युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष राजीव श्रीवास्तव, अभिषेक माथुर, हरिद्वार जिला अध्यक्ष अनिल श्रीवास्तव, देहरादून जिला अध्यक्ष अभय श्रीवास्तव, महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष अनिता सक्सेना, महामंत्री नीतू श्रीवास्तव, प्रिया श्रीवास्तव, ममता माथुर, सोना श्रीवास्तव, शालिनी सक्सेना, शरनय्या सक्सेना, उपासना श्रीवास्तव और रीता श्रीवास्तव प्रमुख रूप से मौजूद रहीं। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ पत्रकार प्रखर प्रकाश मिश्रा, वरिष्ठ पत्रकार धीरेंद्र प्रताप सिंह, सुमित रावत, राज अग्रवाल सहित सर्व समाज के सैकड़ों गणमान्य लोग उपस्थित रहे।









