देहरादून रेखा बंसल हत्याकांड का खुलासा, उत्तरकाशी के विनीत ने ध्याड़ी के लिए किया अपनी मालकिन का क़त्ल
उत्तराखंड के देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में 72 वर्षीय रेखा बंसल की हत्या के मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या का आरोपी कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि महिला के पति की बुक शॉप पर पहले काम कर चुका विनीत कुमार निकला। आरोपी मूल रूप से उत्तरकाशी का रहने वाला है और पिछले कई वर्षों से देहरादून में रह रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया कि विनीत के दिनेश बंसल के पास मजदूरी के कुछ पैसे बकाया थे। बार-बार मांगने के बावजूद रकम नहीं मिलने से वह परेशान था। घटना वाले दिन बकाया पैसों को लेकर रेखा बंसल से उसका विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर तैश में आकर उनकी हत्या कर दी।
पढ़ें यह खबर : देहरादून में 70 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थतियों में मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
क्या थी पूरी घटना :
पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना परिवार की ओर से पुलिस को दी गई थी। बताया गया कि रेखा बंसल घर के अंदर अचेत अवस्था में पड़ी थीं और उनके चेहरे पर चोट के निशान थे। सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की गई, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून खुद घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर जरूरी साक्ष्य जुटाए गए। घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई।
पढ़ें यह खबर : चमोली में घास काटने गई महिलाओं पर भालू का हमला, पहाड़ी से गिरने से एक की मौत और दूसरी घायल
दिनेश बंसल की स्कूटी से ही घर आया था आरोपी :
मामले की जांच के लिए पुलिस ने कई टीमें गठित कीं। टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस की मदद से संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई। इसके साथ ही पुलिस ने स्थानीय स्तर पर भी जानकारी जुटानी शुरू की। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को विनीत कुमार की भूमिका पर शक हुआ। आरोपी के मुताबिक, घटना वाले दिन वह बुक शॉप से दिनेश बंसल की स्कूटी लेकर उनके घर पहुंचा। उसे घर के पीछे का दरवाजा खुले रहने की जानकारी थी। वह स्कूटी बाहर खड़ी कर घर के अंदर चला गया। उस समय रेखा बंसल घर में अकेली थीं।
उत्तरकाशी का रहने वाला है आरोपी :
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उत्तरकाशी का रहने वाला है और करीब 10 वर्षों से परिवार के साथ देहरादून में रह रहा है। वह पिछले करीब दो वर्षों से एक सिक्योरिटी कंपनी के माध्यम से रात में सुरक्षा गार्ड के तौर पर काम कर रहा था।इसके अलावा वह डिस्पेंसरी रोड स्थित अनुज प्रकाशन में भी हेल्पर का काम करता था। पुलिस के अनुसार, वह दिनेश बंसल को करीब 15 वर्षों से जानता था और उसके कुछ पैसे बकाया थे।
मजदूरी के पैसों को लेकर हुआ था विवाद :
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने रेखा बंसल से अपने बकाया मजदूरी के पैसे मांगे। रकम देने से इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में विनीत ने हाथ में पहने कड़े से महिला के चेहरे पर वार किया, जिससे उनके गाल और नाक पर चोट लगी और वह बिस्तर पर गिर गईं।महिला के शोर मचाने पर आरोपी घबरा गया। पुलिस के मुताबिक, पकड़े जाने के डर से उसने उनका मुंह दबा दिया और कुछ देर तक इसी स्थिति में रखा। इसके बाद आरोपी को लगा कि महिला की मौत हो चुकी है।
पढ़ें यह खबर : GST चोरों पर उत्तराखंड में बड़ा एक्शन, 16 बिल्डरों पर एक साथ पड़ा छापा; 7 करोड़ से ज्यादा वसूल
पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी ने महिला के बाएं हाथ से सोने का कड़ा उतार लिया और वहां से निकल गया। इसके बाद वह गेस्ट हाउस पहुंचा और पुलिस से बचने के लिए अपने कपड़े बदल लिए।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतका से लिया गया एक पीली धातु का कड़ा, घटना के दौरान आरोपी द्वारा पहना गया कड़ा और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस ने विनीत कुमार पुत्र घपल्या लाल, उम्र 33 वर्ष, निवासी ग्राम मंजयाली, बड़कोट क्षेत्र, उत्तरकाशी को गिरफ्तार किया है। वर्तमान में वह देहरादून के अजबपुर कला क्षेत्र में रह रहा था।पुलिस टीम ने उसे त्रिलोक गेस्ट हाउस, रिंग रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ धारा 103(1), 309(4) और 117(2) BNS के तहत कार्रवाई की जा रही है। उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।













