देहरादून: ब्लैकमेलिंग के आरोप में अनुज अग्रवाल गिरफ्तार, डायरी में मिला मोबाइल छिपाने का गुप्त चैंबर
Dehradun News: देहरादून में प्रॉपर्टी कारोबारी को पर ब्लैकमेल कर पांच लाख रुपये मांगने के मामले में पटेलनगर पुलिस ने अनुज अग्रवाल नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये अपने बैंक खाते में जमा कराए थे, तलाशी के दौरान पुलिस ने तीन मोबाइल फोन और एक डायरी बरामद की है।
पुलिस का दावा है कि डायरी में मोबाइल फोन छिपाने के लिए एक गुप्त चैंबर बनाया गया था। आरोपी के मोबाइल फोन से कई लोगों के गोपनीय वीडियो मिलने की बात भी सामने आई है, जिनकी जांच की जा रही है।
प्रॉपर्टी कारोबारी से पांच लाख रुपये मांगने का आरोप
पुलिस के अनुसार, आजाद कॉलोनी, माजरा निवासी तनवीर खान ने 19 अक्टूबर 2026 को पटेलनगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह कई वर्षों से देहरादून में प्रॉपर्टी का कारोबार कर रहे हैं और चांचक क्षेत्र की एक संपत्ति को लेकर कुछ लोगों के साथ उनका विवाद चल रहा है।
19 अक्टूबर की सुबह एक व्यक्ति ने उन्हें कई बार व्हाट्सऐप कॉल की। बाद में उसने खुद को एक न्यूज प्लेटफॉर्म का संचालक बताते हुए संपत्ति से जुड़े मामले पर संपर्क किया।
शिकायत के मुताबिक, संबंधित व्यक्ति ने संपत्ति से जुड़ी खबरें प्रसारित करने की धमकी दी और ऐसा नहीं करने के एवज में पांच लाख रुपये की मांग की। आरोप है कि धमकी के बाद शिकायतकर्ता ने आरोपी के बताए एक्सिस बैंक खाते में 50 हजार रुपये जमा करा दिए। यह खाता अनुज अग्रवाल के नाम पर बताया गया है।
पैसे देने के बाद भी धमकी देने का आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार, 50 हजार रुपये देने के बाद जब उसने आरोपी से दोबारा संपर्क किया, तो शेष रकम नहीं देने पर गाली-गलौज और बर्बाद करने की धमकी दी गई।
इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को लिखित शिकायत के साथ व्हाट्सऐप चैट के स्क्रीनशॉट और भुगतान से संबंधित प्रमाण उपलब्ध कराए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस के मुताबिक, शिकायत में उपलब्ध कराए गए साक्ष्यों की जांच के बाद आरोपी की पहचान अनुज अग्रवाल के रूप में हुई। उसे 19 अक्टूबर की रात पटेलनगर क्षेत्र में आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार किया गया।
डायरी में मिला मोबाइल छिपाने के लिए गुप्त चैंबर
इस मामले में बरामद डायरी पुलिस जांच का अहम हिस्सा बन गई है। पुलिस के अनुसार, डायरी में मोबाइल फोन छिपाने के लिए एक गुप्त चैंबर बनाया गया था। पुलिस का दावा है कि इस व्यवस्था का इस्तेमाल लोगों के गोपनीय वीडियो बनाने के लिए किया जाता था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और एक डायरी बरामद की है। मोबाइल फोन की जांच में कई व्यक्तियों के गोपनीय रूप से बनाए गए वीडियो मिलने की बात कही गई है।
हालांकि, इन वीडियो की प्रकृति, उन्हें रिकॉर्ड करने की परिस्थितियों और उनके संभावित इस्तेमाल को लेकर जांच जारी है। इस संबंध में जांच के अंतिम निष्कर्ष सामने आना अभी बाकी है।
आरोपी के खिलाफ कई राज्यों में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी
पुलिस के अनुसार, 46 वर्षीय अनुज अग्रवाल पुत्र स्वर्गीय आरएल अग्रवाल मूल रूप से बिजनौर, उत्तर प्रदेश का निवासी है और वर्तमान में देहरादून के क्लेमेंट टाउन स्थित द्वारिकापुरी में रहता है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ देहरादून में धोखाधड़ी, मारपीट, धमकी, अमानत में खयानत समेत विभिन्न आरोपों में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई होने की जानकारी भी दी है।
इसके अतिरिक्त, पुलिस के अनुसार मध्य प्रदेश में चार, पंजाब में एक, ओडिशा में एक और गुजरात में एक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली है। इन मामलों के संबंध में संबंधित राज्यों से विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज
पुलिस के मुताबिक, पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 773/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2), 308(4), 351(3) और 352 में मामला दर्ज किया गया है।
ब्लैकमेलिंग, पैसों की मांग और मोबाइल फोन से मिले वीडियो से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।









