वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखण्ड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में दो दिवसीय 'IEEE DAY-2026: नवरंग 2.0' का भव्य समापन
वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (VMSBUTU), देहरादून के अंतर्गत आने वाले प्रतिष्ठित संस्थान, गवर्नमेंट विमेन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (GWIT), देहरादून में आयोजित दो दिवसीय "आई.ई.ई.ई. डे-२०२६" (IEEE Day-2026) के अंतर्गत 'नवरंग 2.0' उत्सव का रंगारंग समापन हो गया। डब्लू.आई.टी. एलुमनाई एसोसिएशन और आई.ई.ई.ई. उत्तर प्रदेश अनुभाग के सहयोग से संपन्न हुए इस भव्य आयोजन में छात्राओं के भीतर तकनीकी नवाचार और रचनात्मकता की जीवंत भावना देखने को मिली।
भव्य उद्घाटन और गरिमामयी उपस्थिति :
इस दो दिवसीय समारोह का शुभारंभ १४ अक्टूबर २०२६ को पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय कीकुलपति प्रो. (डॉ.) तृप्ता ठाकुर उपस्थित रहीं। उनके साथ कुलसचिव डॉ. राजेश उपाध्याय, परीक्षा नियंत्रक डॉ. एस.के. गोयल, फैकल्टी ऑफ़ टेक्नोलॉजी के कोऑर्डिनेटर डॉ. विशाल रमोला और महिला प्रौद्योगिकी संस्थान (WIT) के कुलसचिव डॉ. आयुष जोशी की विशेष उपस्थिति रही। आई.ई.ई.ई. डब्लू.आई.टी. स्टूडेंट ब्रांच के ब्रांच कॉउंसलर श्री के.सी. मिश्रा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।
कक्षाओं से बाहर निकलकर वैश्विक मंचों का उपयोग करें छात्र: कुलपति :
छात्रों को प्रेरित करते हुए कुलपति प्रो. (डॉ.) तृप्ता ठाकुर ने कहा कि तेजी से बदलते तकनीकी परिवेश में सफल होने के लिए छात्रों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को आईईईई (IEEE) जैसे वैश्विक मंचों का सक्रिय रूप से उपयोग करने की सलाह दी ताकि वे एक सार्थक नेटवर्क बना सकें, नए विचारों का आदान-प्रदान कर सकें और अपने शैक्षणिक व पेशेवर दायरे को व्यापक बना सकें।
इस अवसर पर आई.ई.ई.ई. डब्लू.आई.टी. एफिनिटी ग्रुप की चेयर सुश्री स्निग्धा असवाल ने पूर्व में प्राप्त की गई उपलब्धियों और आईईईई की कार्यप्रणाली की रिपोर्ट प्रस्तुत की। परीक्षा नियंत्रक डॉ. एस.के. गोयल और कुलसचिव डॉ. राजेश उपाध्याय ने भी छात्रों को विभिन्न आईईईई सोसाइटीज का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया और विश्वविद्यालय की आगामी गतिविधियों की जानकारी दी।
आधिकारिक ई-न्यूज़लेटर (वॉल्यूम 2) और टी-शर्ट का विमोचन :
उद्घाटन दिवस का मुख्य आकर्षण GWIT IEEE स्टूडेंट ब्रांच के आधिकारिक ई-न्यूज़लेटर के दूसरे संस्करण (वॉल्यूम 2) और आधिकारिक टी-शर्ट का विमोचन रहा, जिसे कुलपति महोदय और अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा जारी किया गया। यह न्यूज़लेटर संस्थान में ज्ञान साझा करने की संस्कृति और छात्रों की तकनीकी गतिविधियों को दर्ज करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

तकनीक और संस्कृति का बेजोड़ संगम: 24 प्रतियोगिताएं :
इस दो दिवसीय कार्यक्रम को बेहद व्यवस्थित ढंग से दो अलग-अलग वर्गों में बांटा गया था:
- प्रथम दिवस (14 अक्टूबर): उद्घाटन सत्र के बाद दूसरे सत्र में पूरी तरह से तकनीकी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसके अंतर्गत कुल 15 प्रतियोगिताएं संपन्न हुईं।
- द्वितीय दिवस (15 अक्टूबर): प्रथम सत्र में सांस्कृतिक गतिविधियों का बोलबाला रहा, जिसमें छात्राओं ने गरबा, डांडिया और अन्य पारंपरिक कला रूपों से प्रेरित शानदार नृत्य प्रस्तुत किए। दूसरे दिन कुल 09 प्रतियोगिताएं हुईं।
दोनों दिनों को मिलाकर कुल 24 विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जो भारत की सांस्कृतिक विविधता और तकनीकी शिक्षा की गतिशीलता का बेहतरीन उदाहरण बना।

विजेताओं का सम्मान और डांडिया नाइट्स के साथ समापन :
समापन समारोह की शुरुआत संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) शरद कुमार प्रधान, कुलसचिव डॉ. राजेश उपाध्याय, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्यूनिकेशन (ECE) की विभागाध्यक्ष डॉ. शिल्पी मित्तल पंवार, श्री के.सी. मिश्रा और डॉ. विशाल रामोला द्वारा नवदुर्गा की महाआरती के साथ की गई। इसके बाद अतिथियों द्वारा सभी 24 प्रतियोगिताओं में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेता प्रतिभागियों को मंच पर स्मृति चिह्न और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में आई.ई.ई.ई. डब्लू.आई.टी. स्टूडेंट ब्रांच की चेयर सुश्री आर्ची अग्रवाल द्वारा सभी अतिथियों, शिक्षकों और सहयोगियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। इसके बाद ओपन स्टेज डांडिया कार्यक्रम के साथ उत्सव का समापन हुआ।
'नवरंग 3.0' की घोषणा :
आयोजन समिति द्वारा इस सफल आयोजन के समापन पर आगामी वर्ष के लिए 'नवरंग 3.0' की तारीखों का भी एलान कर दिया गया, जो 05 से 09 अक्टूबर 2027 के बीच आयोजित किया जाएगा।
अंत में, ब्रांच कॉउंसलर और विभागाध्यक्ष (ECE) श्री के.सी. मिश्रा ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और विशेष रूप से आई.ई.ई.ई. डब्लू.आई.टी. स्टूडेंट ब्रांच के सभी सदस्यों के प्रति उनके दिन-रात के समर्पण और त्याग के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।









