ब्रेकिंग

वेब स्टोरी

चमोली: माता-पिता पर जानलेवा हमला करने वाला कलयुगी बेटा गिरफ्तार, कर्णप्रयाग पुलिस ने बरामद किए चाकू और ब्लेड

उत्तराखंड के जनपद चमोली के अंतर्गत कर्णप्रयाग थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। ग्राम बगोली में एक 27 वर्षीय कलयुगी बेटे ने अपने ही माता-पिता पर जानलेवा हमला कर उन्हें मौत के घाट उतारने का प्रयास किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके कब्जे से हमले में प्रयुक्त चाकू, ब्लेड व डंडा भी बरामद कर लिया है।

क्या है पूरा मामला? 

मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 11 अक्टूबर 2026 को ग्राम बगोली निवासी विक्रम सिंह (पुत्र श्री आनंद सिंह) ने कोतवाली कर्णप्रयाग में तहरीर देकर अपने पुत्र के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित पिता ने बताया कि 10 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8 बजे उनके 27 वर्षीय बेटे मनोज ने उनके और उनकी पत्नी श्रीमती शांति देवी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

पढ़ें यह खबर : यूट्यूबर अनुराग डोभाल (UK07 Rider) की गिरफ्तारी का पूरा सच: जानें 72 घंटे के भीतर पुलिस की 'डबल एक्शन' की इनसाइड स्टोरी

आरोप है कि विवाद के दौरान मनोज ने जान से मारने की नीयत से अपने हाथ में लिए ब्लेड से पिता के सीने और चेहरे पर कई वार किए। जब पीड़ित ने खुद को बचाने का प्रयास किया, तो आरोपी ने उनका गला दबाकर उन्हें जान से मारने की कोशिश भी की। इस बीच पीड़ित की पत्नी और चीख-पुकार सुनकर आए पड़ोसियों ने बमुश्किल बीच-बचाव कर पीड़ित की जान बचाई। शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि आरोपी बेटा चाकू लेकर भी उन दोनों को मारने दौड़ा था और वह पूर्व में भी 3 से 4 बार उन पर जानलेवा हमला कर चुका है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम गठित, आरोपी गिरफ्तार : 

पारिवारिक रिश्ते में हुए इस जानलेवा हमले और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली, सुरजीत सिंह पँवार ने अभियुक्त की तत्काल गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए। पिता की तहरीर के आधार पर कोतवाली कर्णप्रयाग में आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 32/2026, धारा 115(2) और 109(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया।

पढ़ें यह खबर : हरिद्वार में हुई धामी कैबिनेट की बैठक, जानिए किन 13 प्रस्तावों पर लगी अंतिम मुहर

आरोपी को पकड़ने के लिए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कर्णप्रयाग विनोद थपलियाल के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसकी कमान बाजार चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक वीरपाल सिंह को सौंपी गई। पुलिस टीम ने सुरागरसी-पतारसी (खोजबीन) करते हुए घटना के अगले ही दिन यानी 11 अक्टूबर 2026 को अभियुक्त मनोज सिंह (उम्र 27 वर्ष) को बगोली के पास से धर दबोचा।

हमले में इस्तेमाल हथियार बरामद : 

कर्णप्रयाग पुलिस ने आरोपी मनोज की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किए गए सभी हथियारों को बरामद कर लिया है। पुलिस ने मौके से:

एक गुलाबी रंग का चाकू 

दाढ़ी बनाने वाला एक ब्लेड 

करीब 3 फीट 11 इंच लंबा लकड़ी का डंडा बरामद किया है।

पुलिस द्वारा वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी बेटे को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। इस घटना के बाद से पूरे बगोली गांव और आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है।


Watch Video