देहरादून के IT पार्क में पार्किंग विवाद बना खूनी संघर्ष, 75 वर्षीय बुजुर्ग ने 34 साल के युवक को घोंपा चाकू...
देहरादून: देहरादून के आईटी पार्क क्षेत्र में स्कूटी पार्किंग को लेकर हुआ विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि घर के बाहर स्कूटी खड़ी करने को लेकर हुए विवाद के दौरान 75 वर्षीय इस्लामुद्दीन ने 34 वर्षीय उत्सव पर चाकू जैसी नुकीली वस्तु से हमला कर दिया। पेट में चोट लगने से घायल उत्सव को उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, मयूर विहार निवासी 34 वर्षीय उत्सव होमस्टे संचालित करते हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी इस्लामुद्दीन का घर उत्सव के घर के नजदीक है।
शुक्रवार को उत्सव ने अपनी स्कूटी इस्लामुद्दीन के घर के बाहर खड़ी की और पास में खाना खाने चले गए। खाना खाने के बाद जब वह वापस लौटे, तो स्कूटी खड़ी करने को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट तक पहुंच गया।
पेट में चोट लगने से अस्पताल में भर्ती
विवाद के दौरान आरोप है कि इस्लामुद्दीन ने उत्सव पर किसी नुकीली वस्तु से हमला कर दिया। पेट से खून निकलने के बाद घायल उत्सव को उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में उनका इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई गई है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद मामले की जांच की जा रही है। पुलिस विवाद के कारणों और हमले से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है। फिलहाल मामले में जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









