अनिरुद्ध आचार्य ने दिया विवादित बयान, बोले बॉलीवुड फैला रहा लव जिहाद!
मथुरा-वृंदावन के जाने-माने कथावाचक अनिरुद्धाचार्य एक बार फिर अपने बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। हरिद्वार स्थित अमेरिकन आश्रम में आयोजित विश्व सनातन महापीठ के कार्यक्रम में उन्होंने आरोप लगाया कि भारत में बॉलीवुड ‘लव जिहाद’ को बढ़ावा दे रहा है और इसे रोकना ज़रूरी है। उनका कहना था कि संतों ने हमेशा सनातन धर्म की रक्षा की है और भविष्य में भी यह प्रयास जारी रहेगा।
अनिरुद्धाचार्य ने भारतीय शिक्षा प्रणाली पर बात करते हुए कहा कि सीबीएसई का पाठ्यक्रम ठीक दिशा में है, लेकिन बच्चों को राम और भरत जैसे आदर्श चरित्रों के जीवन से जुड़े मूल्य भी सिखाए जाने चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा में आधुनिक विज्ञान के साथ वैदिक गणित का समावेश होना चाहिए।
‘सनातन बोर्ड’ बनाने की मांग
कार्यक्रम में उपस्थित कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने सुझाव दिया कि जैसे अन्य धर्मों में धार्मिक शिक्षा दी जाती है, वैसे ही सनातन धर्म के संरक्षण और प्रसार के लिए एक सनातन बोर्ड का गठन होना चाहिए। उन्होंने देश के सभी तीर्थ स्थानों को पूरी तरह मांस और मदिरा-मुक्त घोषित करने की भी मांग रखी और कहा कि इसके लिए सरकार से सामूहिक रूप से निवेदन किया जाना चाहिए।
इस मौके पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी, परमार्थ निकेतन के स्वामी चिदानंद मुनि सहित कई संत मौजूद थे। सभी ने शिक्षा प्रणाली पर अपने विचार रखते हुए सनातन बोर्ड की आवश्यकता को दोहराया और हरिद्वार को मांस व मदिरा मुक्त बनाने की मांग का समर्थन किया।
देशभर के धर्माचार्यों और समाजसेवियों के सहयोग से बाबा हठयोगी और रामविशाल दास महाराज हरिद्वार में विश्व सनातन महापीठ का निर्माण करा रहे हैं। करीब 100 एकड़ में बन रहे इस परिसर में विश्व सनातन संसद, प्रमुख मंदिरों के प्रतिरूप, विश्वविद्यालय, चिकित्सालय और गौशाला जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसका उद्देश्य वैश्विक स्तर पर सनातन संस्कृति को सशक्त करना और सनातन समाज को एक मंच पर जोड़ना है।
Watch Video
Watch the full video for more details on this story.











