देहरादून के प्रसिद्ध स्कूल के टीचर पर छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप, स्कूल प्रबंधन बना रहा रफा दफा करने का दबाव
देहरादून के समरवैली स्कूल में 11वीं की छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप पर हंगामा हुआ। छात्रा की मां ने भौतिक विज्ञान के शिक्षक पर डेढ़ माह से परेशान करने और गलत तरीके से छूने का आरोप लगाया, जिस पर स्कूल प्रबंधन द्वारा कार्रवाई न करने से अभिभावकों में रोष है।समरवैली स्कूल में 11वीं की छात्रा से छेड़छाड़ को लेकर शुक्रवार को हंगामा हुआ। छात्रा की मां ने स्कूल के भौतिक विज्ञान के शिक्षक पर करीब डेढ़ माह से बेटी को परेशान करने और गलत तरीके से छूने का आरोप लगाया।
मां के अनुसार, उन्होंने 15 अक्टूबर को प्रधानाचार्य को लिखित शिकायत दी थी, जिस पर उनकी बेटी समेत 15 छात्राओं के हस्ताक्षर थे। पर शिक्षक पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। उल्टा उनकी बेटी पर दबाव बना मामला रफा दफा करने का प्रयास किया गया।
उन्होंने मामले में आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई और स्कूल प्रबंधन से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। छात्रा की मां के अनुसार, बेटी ने उन्हें बताया था कि शिक्षक उसके साथ अनुचित व्यवहार करता है और उसे गलत ढंग से छूता है।
पढ़ें यह खबर : देहरादून में महिला जज से कैब चालक की बदसलूकी,डबल किराया मांगने और गलत रास्ते ले जाने का आरोप
उसकी कक्षा की अन्य छात्राओं के साथ भी शिक्षक का इसी तरह का व्यवहार है। उनका बेटा भी इसी स्कूल में पढ़ता है। बच्चों के भविष्य और लोकलाज के कारण उन्होंने शुरुआत में कोई शिकायत नहीं की थी। 14 अक्टूबर को स्कूल पहुंचने में देर होने पर शिक्षक उनकी बेटी को धक्का देते हुए प्रधानाचार्य कक्ष तक ले गया।
बेटी से पूरी बात जानने के बाद वह 15 अक्टूबर को स्कूल पहुंचीं और प्रधानाचार्य को लिखित शिकायत दी। उनके अनुसार, प्रधानाचार्य ने छात्रा की सुरक्षा का भरोसा देते हुए शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई करने और उसे नौकरी से हटाने की बात कही थी।
मां का आरोप है कि कुछ दिन बाद छात्रा को प्रधानाचार्य कक्ष में बुलाया गया। वहां निदेशक ने उसे ही झूठा ठहरा दिया। कहा कि शिक्षक कैसे छूता है उन्हें छूकर बताए। शिक्षक के बुजुर्ग होने का हवाला देते हुए कहा कि उसके पिता भी तो उसे छूते होंगे।
पढ़ें यह खबर : धामी कैबिनेट में पास हुआ अनुपूरक बजट, 26 प्रस्तावों को मिली मंजूरी
मां का आरोप है कि छात्रा को उसकी और उसके भाई की पढ़ाई प्रभावित होने का डर दिखाया गया। यह भी कहा गया कि बीच सत्र में कहीं दूसरे स्कूल में दाखिला मिलना मुश्किल होगा। मां के अनुसार, उनकी बेटी एथलेटिक्स की कई स्पर्धाओं में हिस्सा ले चुकी है।
मामले को खत्म कराने के लिए खेलों से जुड़े बाहरी लोगों को भी इसमें शामिल किया गया, जिससे वह बात जो उनके व स्कूल प्रबंधन के बीच थी, कई अन्य लोगों तक पहुंच गई। इसी से नाराज वह शुक्रवार को स्कूल पहुंची।
मां का कहना है कि स्कूल का गेट भीतर से बंद कर दिया गया और पुलिस बुला ली गई। उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत दिए जाने की जानकारी दी, लेकिन स्कूल ने शिकायत दिखाने से भी इनकार कर दिया।
उनकी मांग है कि आरोपी शिक्षक के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए और स्कूल प्रबंधन प्रार्थना सभा में सार्वजनिक रूप से माफी मांगे। मां ने बताया कि वह शनिवार को शिक्षा विभाग के अधिकारियों और जिलाधिकारी से मुलाकात कर शिकायत करेंगी।









