कंगना रनौत के पुराने वीडियो को भ्रामक कैप्शन के साथ वायरल करने पर देहरादून में FIR, अज्ञात सोशल मीडिया यूजर्स के खिलाफ केस दर्ज
देहरादून में भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत के एक पुराने वीडियो को भ्रामक जानकारी के साथ सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। यह मामला अज्ञात सोशल मीडिया यूजर्स के खिलाफ दर्ज किया गया है। शिकायत के मुताबिक, वीडियो को इस दावे के साथ वायरल किया जा रहा था कि कंगना रनौत ने 29 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लंबी उम्र के लिए करवा चौथ का व्रत रखा था।
भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी ने दर्ज कराई शिकायत
मामले में भाजपा महिला मोर्चा उत्तराखंड की राज्य सचिव नेहा शर्मा ने देहरादून के राजपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कंगना रनौत का राजस्थान के जोधपुर जिले के गणेश मंदिर, श्री चामुंडा मंदिर और गजानन महाराज मंदिर में पूजा-अर्चना करते हुए पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर भ्रामक कैप्शन, पोस्ट और रील्स के साथ साझा किया जा रहा है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि इस तरह की पोस्ट से सांसद की सामाजिक प्रतिष्ठा और गरिमा को नुकसान पहुंचाने के साथ ही महिलाओं के सम्मान और धार्मिक भावनाओं को भी ठेस पहुंच सकती है।
IT Act और BNS की धाराओं में मामला दर्ज
राजपुर थाना प्रभारी पीडी भट्ट के अनुसार, नेहा शर्मा की शिकायत के आधार पर अपराध संख्या 275/26 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(C) और 66(D) के साथ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराएं लगाई गई हैं।
पुलिस कर रही सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए देहरादून के एसएसपी के निर्देश पर जांच की जिम्मेदारी डालनवाला थाना प्रभारी को सौंपी गई है। पुलिस अब उन सोशल मीडिया अकाउंट्स की पहचान करने में जुटी है, जिनके जरिए कथित तौर पर इस वीडियो को भ्रामक दावों के साथ प्रसारित किया गया।
पुलिस के मुताबिक, संबंधित अकाउंट्स और पोस्ट की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









