घोसी से सपा विधायक सुधाकर सिंह का निधन, अखिलेश यादव ने जताया गहरा शोक
लखनऊ- समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने घोसी विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले सपा विधायक सुधाकर सिंह के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखते हुए कहा कि यह बेहद दुखद क्षति है और ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। साथ ही उन्होंने शोकग्रस्त परिवार को दुःख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
मऊ जिले की चर्चित घोसी विधानसभा सीट से विधायक रहे सुधाकर सिंह का निधन लखनऊ के मेदांता अस्पताल में हुआ, जिसके बाद राजनीतिक हलकों में शोक की लहर फैल गई। उनकी उम्र 67 वर्ष थी।
सूत्रों के मुताबिक, 17 नवंबर को दिल्ली में उमर अंसारी के रिसेप्शन में शामिल होने के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। तबीयत गंभीर होने पर उन्हें मंगलवार को लखनऊ ले जाया गया, जहां गुरुवार की सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।

Watch Video
Watch the full video for more details on this story.











