वेब स्टोरी

हिमाचल में बर्फबारी, यूपी–उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड ने बढ़ाई चिंता

लखनऊ- उत्तर प्रदेश में सर्दी अब अपना असर दिखाने लगी है। पछुआ हवाओं के चलते कई ज़िलों में रात के तापमान में तीन से चार डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा रही है। मंगलवार को अयोध्या 6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ राज्य का सबसे ठंडा शहर रहा, जबकि बरेली और कानपुर में 6.7 डिग्री तथा बाराबंकी में 7 डिग्री सेल्सियस पारा रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले तीन दिनों में दिन और रात दोनों तापमान में 2 से 4 डिग्री तक और कमी आने की संभावना है। अनुमान यह भी है कि इस बार सर्दी का दौर पिछले वर्षों की तुलना में ज्यादा कड़ाके का हो सकता है।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि इस मौसम में कमजोर पड़ रहे ला-नीना और हिंद महासागर के तटस्थ प्रभाव के कारण दिसंबर से फरवरी के बीच रातें बेहद ठंडी रहने वाली हैं। साथ ही दिन का तापमान भी सामान्य स्तर से नीचे बना रह सकता है।

उत्तराखंड में देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश और हल्द्वानी में सुबह का न्यूनतम तापमान 8 से 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मसूरी, नैनीताल, टिहरी, चमोली और पौड़ी में पारा 2 से 6 डिग्री के बीच रहा। दिन में हल्की धूप ने थोड़ी राहत दी है, लेकिन सुबह और रात की ठिठुरन बरकरार है।

वहीं हिमाचल प्रदेश में ऊंची चोटियों पर हुई नई बर्फबारी के बाद पूरे राज्य में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। ताबो में सोमवार रात तापमान पहली बार इस सीजन में माइनस 8.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। शिमला में भी इस बार सीजन का सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूरे राज्य में पारा आठ डिग्री से नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग ने 4 और 5 दिसंबर को ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है, जबकि 5 दिसंबर को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ मौसम में हल्का बदलाव ला सकता है।

Watch Video

Watch the full video for more details on this story.

You Might Also Like

Facebook Feed