ब्रेकिंग

वेब स्टोरी

कोटद्वार में छात्र की मौत के बाद फूटा गुस्सा, नशे के खिलाफ सड़कों पर उतरे लोग

उत्तराखंड के कोटद्वार में 17 वर्षीय छात्र की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है । मामले को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है । मंगलवार को लालपुर, ध्रुवपुर और सिमलचौड़ क्षेत्र के सैकड़ों लोग  पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने सड़कों पर उतर आए और एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में बढ़ते नशे और अवैध मादक पदार्थों की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की । 

मृतक छात्र एक निजी स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र था । परिजनों का आरोप है कि स्कूल के एक शिक्षक और उसके कुछ साथियों ने छात्र को बुलाया और  छात्र को नशे की हालत में छोड़ दिया गया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई । घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया ।

मंगलवार को बड़ी संख्या में लोग  एकत्र हुए, जहां पर लोगो ने जमकर जुलूस निकाला । प्रदर्शनकारियों ने “पुलिस मुर्दाबाद” के नारे लगाए और आरोप लगाया कि पुलिस ने पहले भी क्षेत्र में बढ़ते नशे की शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया और यह भी कहना है कि क्षेत्र जंगल से सटा हुआ है और यहां दिनभर नशेड़ियों की भीड़ लगी रहती हैं  जिससे महिलाओं और बच्चों का बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है ।

लोगों ने बताया कि कई मोहल्लों में खुलेआम शराब, स्मैक, चरस, गांजा और अन्य मादक पदार्थों की अवैध बिक्री हो रही है और सबसे ज्यादा इसका असर युवाओं और स्कूली छात्रों पर पड़ रहा है । लोगों का आरोप है कि कई बार पुलिस प्रशासन को ज्ञापन देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके कारण हालात लगातार बिगड़ते गए । 

प्रदर्शनकारियों का गुस्सा उस समय बढ़ गया जब यह बात सामने आई कि पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी  शिक्षक को छोड़ दिया । लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई होती तो शायद एक परिवार को अपना बेटा न खोना पड़ता । 

एसडीएम संदीप कुमार को सौंपे गए ज्ञापन में क्षेत्रवासियों ने अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है । एसडीएम ने लोगों को भरोसा दिलाया कि पुलिस प्रशासन से बातचीत कर जल्द कार्रवाई कराई जाएगी ।

वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और यदि किसी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी । लेकिन फिलहाल कोटद्वार में लोगों का गुस्सा शांत होता नजर नहीं आ रहा । इलाके में एक ही सवाल गूंज रहा है — आखिर 17 साल के छात्र की मौत का जिम्मेदार कौन है ?

-Priya dhamkotdwar

Watch Video

Watch the full video for more details on this story.

You Might Also Like

Facebook Feed