News : खिलौना समझ रायफल से खेल रहे थे बच्चे, चल गई गोली,12 साल के बच्चे की मौत | Nation One
News : लखनऊ के कृष्णा नगर इलाके में बड़ा हादसा हो गया। यहां गोली लगने से 12 साल के एक बच्चे की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब बच्चे घर में रखी लोडेड रायफल के साथ खेल रहे थे। इसी दौरान छीना-झपटी के दौरान गोली बच्चे के पेट में लग गई। घर में जैसे ही गोली चलने की आवाज आई तो परिवार में अफरा-तफरी मच गई। ज्यादा खून बहने के कारण बच्चे की मौत हो गई। मामला कृष्णा नगर के प्रेम नगर का है। यहां 12 वर्षीय बच्चा शिवा और अपने ममेरे भाई दिव्य दोनों खेल रहे थे। इस दौरान दोनों की नजर घर में रखी रायफल पर पड़ी। दोनों उससे खेलने लगे। रायफल लोडेड थी। इस बीच दिव्य ने शिवा से राइफल नीचे रखने को कहा लेकिन शिवा नहीं माना और फिर आपसी छीना-झपटी में ट्रिगर पर उंगली चली गई और फायर हो गया। गोली सीधे शिवा के पेट में जा लगी। घर में गोली चलने की आवाज से अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने जब देखा तो उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में परिजन शिवा को लेकर पास के ही लोकबंधु अस्पताल पहुंचे, जहां पर डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद केजीएमयू अस्पताल के लिए ने रेफर कर दिया। जब वह केजीएमयू पहुंचे तो डॉक्टरों ने शिवा को मृत घोषित कर दिया।