देहरादून में बदमाशों के हौसले बुलंद,जमीन बेचकर लौट रहे व्यक्ति से 14 लाख की लूट; 3 गिरफ्तार अन्य की तलाश जारी
राजधानी देहरादून में पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के इंद्रेश अस्पताल के पास दिनदहाड़े हुई 14 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. घटना के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 1 लाख 50 हजार रुपये बरामद किए गए हैं. वारदात में शामिल चार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है. साथ ही गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजा गया है.
रायवाला के हरिपुर कलां स्थित राणा कॉलोनी निवासी 45 वर्षीय राजेश कुमार सोनी शनिवार को पथरी बाग में एक प्लॉट के सौदे के सिलसिले में दिनेश तिवारी से 14 लाख रुपये लेकर वापस लौट रहे थे। उनके साथ वाहन में दिनेश तिवारी, ओमकार और गुरविंदर भी मौजूद थे। दोपहर करीब 3:40 बजे जब उनका वाहन इंद्रेश अस्पताल के नजदीक पहुंचा, तभी पीछे से आए बाइक और एक्टिवा सवार युवकों ने रास्ता रोककर उन्हें घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने वाहन में बैठे लोगों के साथ मारपीट की और पिछली सीट पर रखा नकदी से भरा थैला लेकर मौके से भाग निकले।
पढ़ें यह खबर : उत्तराखंड स्थापना दिवस: CM धामी की बड़ी घोषणाएं, महिलाओं से लेकर आंदोलनकारियों तक को क्या मिला? जानिए सब कुछ!
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की थीं.पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से तीन आरोपियों को अल्का डेयरी से मेहूंवाला जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया.
कोतवाली पटेल नगर प्रभारी नरेश राठौर ने बताया है कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी, जसमीत सिंह और शक्ति सिंह के रूप में हुई है. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें पहले से जानकारी थी कि दिनेश तिवारी प्लॉट के सौदे के लिए भारी नकदी के साथ कुछ व्यक्तियों से मिलने जा रहा है.
पढ़ें यह खबर : बागेश्वर में 18 दिन से लापता पूर्व सभासद का मिला शव, हत्या के आरोपी भाई-बहन गिरफ्तार
इसी जानकारी के आधार पर उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर जल्दी पैसा कमाने के उद्देश्य से लूट की योजना बनाई और इन्द्रेश अस्पताल के पास आरोपियों ने राजेश कुमार सोनी,दिनेश तिवारी, ओमकार ओर गुरविंदर के साथ मारपीट करते हुए उनके वाहन में रखे 14 लाख रुपए लूट लिए. साथ ही आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए. साथ ही इस लूट में चार अन्य आरोपी भी शामिल हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है. मामले में आगे की जांच जारी है.









