बद्रीनाथ धाम में पुलिस और सेना का विवाद, मेजर समेत 15 जवानों पर केस दर्ज
भारतीय सेना जो देश की सीमाओं की रक्षा करती है और पुलिस जो आतंरिक सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाती है जब ये दोनों आपस में टकरा जाएं तो मामला गंभीर लगता है, बीते दिन बद्रीनाथ धाम में ऐसा ही नजारा देखने को मिला, ट्रैफिक संचालन के विवाद ने अब कानूनी रूप ले लिया है।
बदरीनाथ धाम में यात्रा एवं यातायात व्यवस्था के दौरान पुलिस और सेना के बीच विवाद का मामला सामने आया है. ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी और सेना के मेजर के बीच कहासुनी के बाद मामला बढ़ गया. पुलिस की मानें तो विवाद के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट के आरोप लगाए गए हैं. मामले में बदरीनाथ थाना पुलिस ने आर्मी मेजर समेत 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पढ़ें यह खबर : देहरादून में मिक्सर ट्रैक्टर की चपेट में आने से 18 वर्षीय वैष्णवी की दर्दनाक मौत, ट्रैक्टर चालक हिरासत में
चमोली पुलिस के मुताबिक, बीती 8 अगस्त को बदरीनाथ धाम में यात्रा व्यवस्था के लिए पुलिस और होमगार्ड जवानों की ड्यूटी लगाई गई थी. इसी दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर एक होमगार्ड जवान और सेना के मेजर के बीच विवाद हो गया. आरोप है कि कहासुनी के बाद मामला बढ़ गया और मेजर की ओर से सेना के अन्य जवानों को मौके पर बुलाया गया.
दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की की बनी स्थिति: बताया जा रहा है कि सेना के जवानों की ओर से होमगार्ड जवान को वाहन में बैठाकर ले जाने का प्रयास किया गया. इस दौरान मौके पर पहुंची चीता पुलिस ने बीच-बचाव किया. पुलिस की मानें तो इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई.
आरोप है कि घटना के बाद सेना के करीब 10 से 15 जवान बदरीनाथ थाने पहुंच गए. इसके बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की. चमोली पुलिस के मुताबिक, कांस्टेबल 58 एपी विजय सिंह की लिखित तहरीर पर रात 10:25 बजे बदरीनाथ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया.
पढ़ें यह खबर : सीएम धामी का बड़ा ऐलान: तीलू रौतेली पुरस्कार और आंगनबाड़ी सम्मान राशि में हुई भारी बढ़ोतरी
इन धाराओं में मुकदमा दर्ज: बदरीनाथ थाना पुलिस ने मेजर समेत 15 अन्य सेना के जवानों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 121(1), 127(2), 132, 140(3), 191(2), 191(3), 351(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया है. चमोली पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने मामले की पुष्टी की है. फिलहाल, पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है.
"आर्मी मेजर समेत 15 अन्य जवानों के खिलाफ बदरीनाथ थाने में मुकदमा पंजीकृत किया गया है. मामले की विवेचना की जा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी."- मदन बिष्ट, सीओ, चमोली



















