सीएम धामी का बड़ा ऐलान: तीलू रौतेली पुरस्कार और आंगनबाड़ी सम्मान राशि में हुई भारी बढ़ोतरी
शनिवार को वीरांगना तीलू रौतेली के जन्मदिवस पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश की 14 महिलाओं को तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित किया गया,इसके साथ ही 35 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में सीएम धामी ने पुरस्कार राशि में बढ़ोतरी की बड़ी घोषणा की है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (Pushkar Singh Dhami ) ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित तीलू रौतेली एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रदेश की 14 महिलाओं को तीलू रौतेली पुरस्कार तथा 35 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार से सम्मानित किया।सभी विजेताओं को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवं दोनों श्रेणियों में 51- 51 हजार की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि तीलू रौतेली (Tilu Rauteli) जयंती उत्तराखण्ड के इतिहास और नारी शक्ति के स्वाभिमान के लिए गौरवशाली अवसर है। वीरांगना तीलू रौतेली अदम्य साहस, अद्वितीय पराक्रम और नारी शक्ति की अमर प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड वीरों के साथ-साथ वीरांगनाओं की भूमि भी रही है और जब भी वीरांगनाओं के साहस एवं पराक्रम की चर्चा होगी, तीलू रौतेली जी का नाम गर्व और सम्मान के साथ लिया जाएगा।
पढ़ें यह खबर :उत्तराखंड: सबसे बड़े टैक्सपेयर ऋषभ पंत को नहीं मिली जमीन, ट्वीट से CM धामी की बढ़ी मुश्किल
तीलू रौतेली पुरस्कार एवं आंगनबाड़ी सम्मान राशि में बढ़ोतरी :
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने वर्ष 2023 में तीलू रौतेली पुरस्कार की सम्मान राशि को 31 हजार रुपये से बढ़ाकर 51 हजार रुपये किया था। अब राज्य सरकार ने तीलू रौतेली पुरस्कार की सम्मान राशि को 51 हजार रुपये से बढ़ाकर 75 हजार रुपये करने का निर्णय लिया है। इसी प्रकार आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार की सम्मान राशि भी 51 हजार रुपये से बढ़ाकर 61 हजार रुपये की जाएगी।
पढ़ें यह खबर : उत्तराखंड के युवाओं, ग्रामीणों और श्रमिकों के लिए खुशखबरी ! धामी कैबिनेट बैठक में लिए गए ये महत्वपूर्ण निर्णय
सीएम धामी ने कहा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का बढ़ाया मानदेय :
मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों के प्रारंभिक विकास, पोषण, स्वास्थ्य और संस्कारों में आंगनबाड़ी केंद्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्री सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, मिनी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि की है। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय 7,500 रुपये से बढ़ाकर 9,300 रुपये, मिनी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय 4,500 रुपये से बढ़ाकर 6,250 रुपये तथा सहायिकाओं का मानदेय 3,550 रुपये से बढ़ाकर 5,250 रुपये किया गया है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सुपरवाइजर के पद पर पदोन्नति का प्रावधान भी किया गया है।
पढ़ें यह खबर : अल्मोड़ा के लाल रवि ने किया कमाल, हवा में उड़ने वाली कार 'Hapida Skynex' का किया सफल परीक्षण
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बेटियों के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा, पोषण, सुरक्षा और स्वरोजगार तक हर स्तर पर उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि राज्य की मातृशक्ति को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की मातृशक्ति के सम्मान और सशक्तीकरण के लिए सरकार निरंतर कार्य करती रहेगी।
तीलू रौतेली सम्मान पाने वाली महिलाएं :
उत्तरकाशी की श्वेता बधानी - सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान
अल्मोड़ा की पुष्पा फर्त्याल - संस्कृति एवं कला.
बागेश्वर की दया दानू - समाज सेवा
चमोली की नंदा सती - लोकसंगीत
चंपावत की रितिका बगोली - पर्यावरण संरक्षण एवं शिक्षा
देहरादून की नीतू रानी - शिक्षा एवं बहादुरी
हरिद्वार की वैशाली शर्मा - समाज सेवा
नैनीताल की लतिका - खेल
पौड़ी गढ़वाल की प्रियंका थपलियाल - खेल समाज सेवा एवं महिला सशक्तीकरण
पिथौरागढ़ की कलावती देवी - सामाजिक कार्य
पिथौरागढ़ की निशा पुनेठा - लोककला (ऐंपण )
रुद्रप्रयाग की दुर्गा देवी - समाज सेवा
टिहरी गढ़वाल की सरिता कोठियाल - को सामाजिक क्षेत्र
ऊधमसिंह नगर की पुष्पा देवी को - दिव्यांग खेलों में उत्कृष्ट योगदान के लिए



















