ब्रेकिंग

वेब स्टोरी

देहरादून की कलयुगी माँ ने बेटी का सौदा कर रची अपहरण की झूठी कहानी, माँ समेत चार गिरफ्तार

देहरादून: राजधानी देहरादून में बीती पांच जुलाई को नाबालिग लड़की के कथित किडनैपिंग मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. पुलिस का कहना है कि जिस महिला ने अपनी 15 साल की नाबालिग बेटी के किडनैपिंग की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, उसी ने आर्थिक तंगी के चलते बेटी का डेढ़ लाख रुपए में सौदा किया था. पूरी रकम नहीं मिलने और पकड़े जाने के डर से उसने किडनैपिंग की झूठी कहानी गढ़कर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की.

पुलिस ने नाबालिग को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से सकुशल बरामद करते हुए उसकी मां समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि, राजपुर थाना क्षेत्र में रहने वाली महिला ने 5 जुलाई को अपनी नाबालिग बेटी की किडनैपिंग की सूचना दी थी. शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू की थी. साथ ही नाबालिग की तलाश के लिए पुलिस टीम का गठन भी किया गया था.

पढ़ें यह खबर : 2036 ओलंपिक मेजबानी के संकल्प के साथ कांवड़ यात्रा पर निकलेंगी खेल मंत्री रेखा आर्या

पुलिस टीम ने मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल पुलिसिंग के जरिए जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को नाबालिग के मुजफ्फरनगर में होने की जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर मनीष और लवी कुमार को गिरफ्तार किया. उनके कब्जे से नाबालिग को सकुशल बरामद कर किया गया. पूछताछ में लवी कुमार ने बताया कि, उसने पिंकी मलिक के माध्यम से नाबालिग को उसकी मां से डेढ़ लाख रुपए में खरीदा था. उसके बाद में उसने युवती को विवाह कराने के उद्देश्य से दो लाख रुपये में मनीष को बेच दिया था.

पढ़ें यह खबर : PM मोदी का बड़ा कदम: 'नशा मुक्त युवा भारत' के लिए 100 सप्ताह का देशव्यापी मिशन शुरू

रकम ना मिलने पर रची अपहरण की कहानी : 

इस खुलासे के बाद पुलिस ने पिंकी मलिक को मुजफ्फरनगर और पीड़िता की मां को देहरादून से गिरफ्तार किया. पुलिस पूछताछ में पीड़िता की मां ने स्वीकार किया कि उसकी मुलाकात पिंकी मलिक से एक समारोह में हुई थी. आर्थिक तंगी के कारण उसने अपनी नाबालिग बेटी को बेचने का सौदा डेढ़ लाख रुपए में किया था. सौदे की रकम में उसे केवल 80 हजार रुपए मिले थे, जबकि शेष रकम बाद में देने का वादा किया गया था. तय समय पर पूरी रकम नहीं मिलने और अपराध उजागर होने के डर से उसने बेटी के अपहरण की झूठी रिपोर्ट दर्ज करा दी.

 
मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64, 65(1), 87, 143, 3(5) के साथ पॉक्सो अधिनियम की धारा 5(एल)/6 और 16/17 भी बढ़ा दी है. साथ ही पुलिस ने मनीष निवासी जानसठ (मुजफ्फरनगर), लवी कुमार निवासी फलावदा (मेरठ), पिंकी मलिक निवासी नई मंडी (मुजफ्फरनगर) और पीड़िता की निवासी देहरादून को गिरफ्तार किया है. पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी पहले भी नाबालिगों की खरीद-फरोख्त या मानव तस्करी के ऐसे मामलों में शामिल रहे हैं या नहीं. साथ ही पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
-पीड़ी भट्ट, थाना प्रभारी, राजपुर

 

Watch Video

You Might Also Like

Recommended For You