MP ठेकेदार की लापरवाही: मक्सी में भारी बारिश से घरों में घुसा पानी, ड्रेनेज बंद होने से 'जियो पेट्रोल पंप' बना तालाब
उज्जैन : शाजापुर जिले के मक्सी में बीती रात हुई झमाझम बारिश ने विकास कार्यों के दावों की पोल खोलकर रख दी है। फोरलेन सड़क निर्माण कर रहे ठेकेदार की घोर लापरवाही के कारण बंद पड़ी ड्रेनेज लाइन (निकासी नाले) की वजह से शहर के कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात बन गए। पानी की सही निकासी न होने के कारण जियो पेट्रोल पंप पूरी तरह जलमग्न हो गया, जिससे कई घंटों तक ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह ठप रही।
जियो पंप परिसर में भरा दो-दो फीट पानी, सांवरिया शोरूम और घरों में भारी नुकसान :
मक्सी में चल रहे फोरलेन निर्माण कार्य के दौरान ठेकेदार द्वारा आगे की ड्रेनेज लाइन को बंद कर दिया गया था। रात को हुई तेज बारिश का पानी जब आगे नहीं निकल पाया, तो वह बैक मारकर रिहायशी इलाकों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घुस गया।
पढ़ें यह खबर : साल में सिर्फ एक बार खुलते हैं नागचंद्रेश्वर मंदिर के कपाट, आखिर क्या है इसके पीछे की पौराणिक मान्यता? जानिए पूरी खबर
जियो पेट्रोल पंप के पूरे परिसर में दो-दो फीट तक पानी भर गया। वहीं, पंप के पास स्थित सांवरिया शोरूम और स्थानीय निवासीविनोद प्रजापति के घर में तीन से चार फीट तक पानी जमा हो गया। पानी का बहाव इतना तेज था कि घरों और शोरूम में रखा कीमती सामान पूरी तरह जलमग्न हो गया। घरों के बाहर खड़ी कार और मोटरसाइकिलें भी पानी में डूब गईं, जिससे लोगों को लाखों रुपये का नुकसान होने की आशंका है।
कर्मचारियों ने बयां किया दर्द, घंटों की मशक्कत के बाद निकाला पानी :
जियो पंप के कर्मचारी निलेश गुप्ता ने घटना की जानकारी देते हुए बताया, "ठेकेदार ने आगे से ड्रेनेज लाइन को पूरी तरह ब्लॉक कर दिया है। इसी लापरवाही के कारण बारिश का सारा पानी हमारे पंप के सामने ओवरफ्लो होकर पूरे परिसर में घुस गया। ईंधन की सप्लाई रोकनी पड़ी और कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद मोटर पंप चलाकर पानी की निकासी की जा सकी"
पढ़ें यह खबर : उज्जैन : ग्राम बीचपड़ी में अनूठी मिसाल, भागवत कथा के समापन पर आंजना परिवार ने कराया रक्तदान शिविर का आयोजन
प्रशासन से तत्काल नाला चालू करने की मांग :
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और व्यापारियों में प्रशासन और निर्माण एजेंसी के खिलाफ भारी आक्रोश है। पीड़ितों ने जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि:
ठेकेदार द्वारा बंद की गई ड्रेनेज लाइन को तत्काल चालू किया जाए।
जब तक स्थाई काम पूरा नहीं होता, तब तक पानी की निकासी के लिए वैकल्पिक व्यवस्था बनाई जाए।
लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार पर कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में मक्सी की जनता को दोबारा इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े
उज्जैन से हमारे संवाददाता
गोपाल आंजना की रिपोर्ट













