बिहार विधानसभा चुनाव: बीजेपी ने जारी की दूसरी सूची, मैथिली ठाकुर और पूर्व IPS आनंद मिश्रा को मिला टिकट
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को अपनी दूसरी उम्मीदवार सूची जारी कर दी है। इस सूची में कुल 12 प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं। भाजपा ने इस बार युवा और चर्चित चेहरों पर दांव खेलते हुए अपनी चुनावी रणनीति को और मजबूत किया है।
सूची में सबसे पहला नाम लोकप्रिय गायिका मैथिली ठाकुर का है, जिन्हें अलीनगर विधानसभा सीट से टिकट दिया गया है। वहीं, अंतिम नाम पूर्व आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्रा का है, जिन्हें बक्सर विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया गया है।
युवा चेहरों और नए प्रयोगों पर फोकस
भाजपा की इस नई सूची से यह साफ है कि पार्टी इस बार बिहार चुनाव में युवा, शिक्षित और लोकप्रिय चेहरों को प्राथमिकता दे रही है। मैथिली ठाकुर, जो अपनी सुरीली आवाज़ और लोकगीतों के लिए जानी जाती हैं, ने हाल ही में भाजपा का दामन थामा था। 14 अक्टूबर को उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई गई थी। इसके बाद से ही उनके प्रत्याशी बनाए जाने की अटकलें तेज थीं। भाजपा ने उन्हें मौका देकर युवा मतदाताओं और महिला वोटरों को साधने की कोशिश की है।
दूसरी ओर, पूर्व आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्रा, जिन्होंने कुछ महीने पहले ही जनसुराज पार्टी छोड़ भाजपा में शामिल हुए थे, प्रशासनिक सख्ती और ईमानदार छवि के लिए जाने जाते हैं। पार्टी ने उन्हें टिकट देकर कानून व्यवस्था और सुशासन की छवि को मजबूत करने का संदेश दिया है।
पार्टी नेतृत्व की मौजूदगी में तय हुई सूची
सूत्रों के मुताबिक, भाजपा की इस दूसरी सूची को अंतिम रूप देने से पहले दिल्ली में लंबी बैठक हुई। इसमें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, संगठन प्रभारी विनोद तावडे, और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय मौजूद रहे। सूत्रों ने बताया कि उम्मीदवारों के चयन में जातीय समीकरण, स्थानीय लोकप्रियता और संगठन की रिपोर्ट को विशेष महत्व दिया गया है।
पहली सूची में थे 71 उम्मीदवार
इससे पहले भाजपा ने 14 अक्टूबर को अपनी पहली सूची जारी की थी, जिसमें 71 उम्मीदवारों के नाम शामिल थे। उस सूची में 9 महिला प्रत्याशियों को टिकट दिया गया था। दूसरी सूची के बाद अब भाजपा के कुल घोषित प्रत्याशियों की संख्या 83 हो गई है।
भाजपा के लिए अहम है यह चुनाव
बिहार विधानसभा चुनाव भाजपा के लिए बेहद अहम माने जा रहे हैं। पार्टी का प्रयास है कि एनडीए गठबंधन के तहत वह अपनी सीट संख्या को पहले से अधिक बढ़ा सके। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में भाजपा-जदयू गठबंधन एक बार फिर सत्ता वापसी की कोशिश में है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि बाकी बची हुई सीटों पर भी जल्द ही तीसरी सूची जारी की जा सकती है।
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि मैथिली ठाकुर और आनंद मिश्रा जैसे चेहरों को टिकट देना भाजपा का रणनीतिक कदम है, जिससे पार्टी शहरी और ग्रामीण दोनों तबकों में अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है।
विशेषज्ञों के अनुसार, भाजपा युवा, महिला और प्रथम बार वोट देने वाले मतदाताओं को आकर्षित करने की दिशा में काम कर रही है।



















