उत्तरप्रदेश में राशन डीलर अब कहलाएंगे अन्नपूर्णा संचालक, सीएम योगी ने बढ़ाया लाभांश
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के राशन दुकानदारों (कोटेदारों) को एक बड़ी सौगात देते हुए उनके लाभांश (कमीशन) को ₹90 प्रति क्विंटल से बढ़ाकर ₹125 प्रति क्विंटल करने की ऐतिहासिक घोषणा की है.। मुख्यमंत्री के इस फैसले का खाद्य, रसद एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय ने स्वागत करते हुए इसे प्रदेश के कोटेदारों के लिए एक स्वर्णिम दिन बताया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राशन दुकानदारों को 'अन्नपूर्णा संचालक' का नया नाम दिया है। इसके साथ ही खाद्यान्न वितरण का लाभांश ₹90 से बढ़ाकर ₹125 प्रति क्विंटल कर दिया गया है।
राशन दुकानदारों के लिए आयोजित अतिरिक्त लाभांश वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा नवाचार करते हुए उन्हें अब अन्नपूर्णा संचालक के रूप में संबोधित किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राशन दुकानदारों की भूमिका को केवल राशन वितरण तक सीमित न रखते हुए अन्नपूर्णा संचालक के रूप में उनकी नई पहचान और जिम्मेदारी को प्रमुखता दी।
पढ़ें यह खबर : सीएम योगी की करोड़ों की सौगात : काशी जैसा भव्य बनेगा बाराबंकी का लोधेश्वर महादेव मंदिर
सीडीओ गोरखनाथ भट्ट ने राशन दुकानदारों को उनके अधिकारों और शासन की ओर से दी जा रही सुविधाओं के प्रति जागरूक करते हुए योजनाओं का सदुपयोग कर आय बढ़ाने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डाॅ. अनामिका यादव ने भी संबोधित किया।
जिला पूर्ति विभाग के अनुसार जनपद में ग्रामीण क्षेत्र में 838 और नगरीय क्षेत्र में 121 समेत कुल 959 राशन दुकानें संचालित हैं, जिनसे 3,90,413 राशन कार्डधारकों के 15,70,723 लाभार्थियों को खाद्यान्न वितरित किया जा रहा है। शासन ने राशन दुकानदारों को खाद्यान्न वितरण पर मिलने वाले लाभांश को 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है।
पढ़ें यह खबर : लखनऊ- कानपुर एक्सप्रेसवे जाजमऊ के नए गंगा पुल से जुड़ेगा, कानपुर वासियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी
जनपद में 959 राशन दुकानदारों द्वारा 81,560 क्विंटल खाद्यान्न का वितरण किया जा रहा है। पहले 90 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 73,40,400 रुपये लाभांश मिलता था, जो अब बढ़कर 1,01,95,000 रुपये हो जाएगा। इससे राशन दुकानदारों को कुल 28,54,600 रुपये अतिरिक्त लाभांश मिलेगा।
नई व्यवस्था में प्रति क्विंटल 35 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। राशन दुकानदारों की आय बढ़ाने और लाभार्थियों को अधिक सुविधाएं देने के लिए अन्नपूर्णा भवन भी विकसित किए जा रहे हैं। जनपद में 96 अन्नपूर्णा केंद्र वर्तमान में क्रियाशील हैं, जबकि वीबी-जी राम जी योजना के तहत 336 और खाद्य एवं रसद विभाग से 39 समेत कुल 375 अन्नपूर्णा भवन निर्माणाधीन हैं।
पढ़ें यह खबर : फतेहपुर को सीएम योगी की करोड़ों की सौगात, 489 करोड़ की 125 परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण
अन्नपूर्णा संचालकों की आय बढ़ाने के लिए उचित दर दुकानों पर जन सेवा केंद्र संचालित करने और सरफ, साबुन, झाड़ू, बाल्टी, चायपत्ती, माचिस, दुग्ध उत्पाद और स्वास्थ्य संबंधी कुछ दवाओं समेत 35 जन उपयोगी वस्तुओं की बिक्री की अनुमति भी दी गई है। कार्यक्रम में डीएसओ शिवि गर्ग, एआरओ कमलेश मौर्य समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



















