महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत बिगड़ी, इलाज के लिए लखनऊ रेफर
अयोध्या - श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की सेहत में अचानक गिरावट दर्ज की गई है। बताया जा रहा है कि बीते डेढ़ दिन से उनका स्वास्थ्य सामान्य नहीं था और कमजोरी लगातार बढ़ती जा रही थी। इस दौरान उन्हें पेट से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ा, जिससे हालत और नाजुक हो गई।
स्वास्थ्य बिगड़ने की जानकारी मिलते ही श्रीराम अस्पताल के पूर्व वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एस.के. पाठक ने उनका परीक्षण किया। जांच के बाद डॉक्टरों ने स्थिति को गंभीर मानते हुए उन्हें उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की सलाह दी। इसके बाद उन्हें लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल ले जाने का निर्णय लिया गया।
महंत नृत्य गोपाल दास के उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास स्वयं उनके साथ लखनऊ के लिए रवाना हुए। मेदांता अस्पताल पहुंचने के बाद विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उनकी विस्तृत जांच कर उपचार शुरू करेगी। डॉक्टरों का कहना है कि फिलहाल उन्हें लगातार निगरानी में रखना जरूरी है।
महंत नृत्य गोपाल दास के अस्वस्थ होने की खबर से संत समाज और रामभक्तों में चिंता व्याप्त है। देशभर से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामनाएं की जा रही हैं। वहीं, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट प्रशासन भी उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और समय-समय पर स्वास्थ्य संबंधी अपडेट प्राप्त कर रहा है।
Watch Video
Watch the full video for more details on this story.











