ब्रेकिंग

वेब स्टोरी

बागेश्वर में दोहरे हत्याकांड से सनसनी, नशे के आदी भतीजे ने चाचा- चाची को उतारा मौत के घाट

उत्तराखंड में अपराध पहाड़ हो या मैदान अंदरखाने तक पैर पसार चुका है. शहरों में जहां गोलीकांड,लूटपाट की घटना आम हो गई है वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में पारिवारिक विवाद नई समस्या बन गए हैं. बागेश्वर जिले से डबल मर्डर का सनसनीखेज मामला सामने आया है. गरुड़ तहसील के नर्गवाड़ी (नरगोड़ी) गांव में भतीजे ने ही नशे की हालात में चाचा-चाची की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी. इस खूनी संघर्ष में बीच-बचाव में आई परिवार की एक अन्य महिला पर भी आरोपी ने जानलेवा हमला किया है. जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. 

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी गोविंद वल्लभ खोलिया शराब पीने का आदी है और अक्सर शराब के नशे में घर पर आकर गाली-गलौज करता था. इस बात को लेकर परिवार के लोग लंबे समय से परेशान थे.

आरोपी के खिलाफ पहले भी दर्ज हुई थी शिकायत : 

गोविंद वल्लभ की इस हरकतों से परिवार इतना परेशान था कि उन्होंने करीब 5-6 महीने पहले उसके खिलाफ थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी. हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था. स्थानीय लोगों के मुताबिक घटना से ठीक एक दिन पहले भी आरोपी के इस तरह के आपत्तिजनक व्यवहार को लेकर शिकायत की गई थी, लेकिन वो सुधरने को तैयार नहीं था.

पढ़ें यह खबर : कांग्रेस नेत्री सोनिया आनंद रावत का धोखाधड़ी के आरोपों पर पटलवार, षड्यंत्र के तहत किया जा रहा बदनाम

बताया जा रहा है कि रविवार देर रात गोविंद वल्लभ खोलिया ने नशे की हालत में फिर से उत्पात मचाना शुरू किया. सबसे पहले आरोपी ने घर के ऊपरी कमरे में मौजूद अपनी चाची भगवती देवी (54) पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इसके बाद वह नीचे वाले कमरे में गया और चाचा पूरन चंद्र खोलिया (58) को भी लोहे की रॉड से बुरी तरह पीटा. दोनों को गंभीर चोटें आईं.

भाभी को भी मारने की फ़िराक में था आरोपी : 

चीख-पुकार की आवाज सुनकर पूरन चंद्र के बेटे की बहू दर्शनी देवी उन्हें बचाने के लिए दौड़कर मौके पर पहुंची. आरोपी ने गुस्से में आकर दर्शनी देवी पर भी लोहे की रॉड से 3-4 बार जानलेवा वार कर दिए. अपनी जान बचाने के लिए दर्शनी देवी ने सूझबूझ दिखाते हुए अपनी छोटी बच्ची को साथ लिया और खुद को एक कमरे में बंद कर कुंडी लगा ली. बाद में वह किसी तरह दूसरे रास्ते से निकलकर अपनी जान बचाने में कामयाब रही.

पढ़ें यह खबर : 9 हजार से ज्यादा पीआरडी जवानों को राहत, सीएम धामी ने की मानदेय बढ़ाने की घोषणा

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तीनों को लहूलुहान हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गया. ​देर रात चीख-चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हुए और उन्होंने तुरंत आपातकालीन सेवा 112 पर सूचना दी. ग्रामीणों की मदद से पुलिस तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ ले गई. वहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद पूरन चंद्र और उनकी पत्नी भगवती देवी को मृत घोषित कर दिया. वहीं, घायल बहु दर्शनी देवी का इलाज अस्पताल में जारी है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.

बैजनाथ पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की क़ानूनी कार्रवाही की जा रही है।

Watch Video