मथुरा दौरे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, बांके बिहारी मंदिर और श्रीकृष्ण जन्मस्थान के किए दर्शन
मथुरा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शुक्रवार को अपने मथुरा दौरे पर पहुंचीं। वृंदावन रोड रेलवे स्टेशन पर उनका भव्य स्वागत किया गया। स्वागत करने वालों में मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, महापौर विनोद अग्रवाल, सेना और पुलिस अधिकारी, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। स्टेशन से राष्ट्रपति बांके बिहारी मंदिर के दर्शन के लिए रवाना हुईं।
बांके बिहारी मंदिर में पूजा-अर्चना
राष्ट्रपति मुर्मु ने वृंदावन स्थित बांके बिहारी मंदिर में विधि-विधान से पूजा की और ठाकुर श्री बांके बिहारी जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने चंदन कोठरी की देहरी पर इत्र सेवा की और दीप प्रज्ज्वलन किया। इस दौरान गोस्वामी परिवार के सदस्य और मंदिर प्रबंधन मौजूद रहे। राष्ट्रपति को आकर्षक स्मृति चिन्ह भी भेंट किया गया।
निधिवन में विशेष पूजन
बांके बिहारी मंदिर दर्शन के बाद राष्ट्रपति निधिवन पहुंचीं। यहां उन्होंने तुलसी वन, ललिता कुंड और रास मंडल का दर्शन किया। उन्होंने राधारानी को श्रृंगार अर्पित किया और विभिन्न स्थलों पर पुष्प एवं इत्र अर्पित किए। निधिवन के सेवायतों ने राष्ट्रपति को यहां की पौराणिकता और महत्व से अवगत कराया।
सुदामा कुटी में भजनकुटी का लोकार्पण
इसके बाद राष्ट्रपति सुदामा कुटी पहुंचीं। यहां संतों और महंतों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने परिसर में पारिजात का वृक्ष लगाया और महंत सुदामा दास जी महाराज की भजनकुटी का लोकार्पण किया। राष्ट्रपति ने गौ पूजन भी किया और मंदिर में विधि-विधान से दर्शन किए।
कुब्जा कृष्ण मंदिर में दर्शन
राष्ट्रपति मुर्मु ने होलीगेट क्षेत्र स्थित कुब्जा कृष्ण मंदिर के दर्शन किए। मंदिर के महंत ने उन्हें मंदिर की प्राचीनता और इतिहास से परिचित कराया।
श्रीकृष्ण जन्मस्थान मंदिर पहुंचीं राष्ट्रपति
राष्ट्रपति मुर्मु ने श्रीकृष्ण जन्मस्थान मंदिर जाकर केशव देव मंदिर, योगमाया मंदिर और गर्भगृह में पूजा की। उन्होंने भागवत मंदिर और जगन्नाथ मंदिर में भी दर्शन किए। इस अवसर पर मंदिर प्रबंधन और उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से उन्हें स्मृति चिन्ह और राधा-कृष्ण की मूर्ति भेंट की गई।
मथुरा जंक्शन से दिल्ली रवाना
दर्शन के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन से दिल्ली के लिए रवाना हुईं। इस मौके पर मंत्री, विधायक, एमएलसी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
Watch Video
Watch the full video for more details on this story.