पंचम केदार कल्पेश्वर मंदिर में भारी भूस्खलन, चमोली जिले में एक महीने में तीसरी बड़ी प्राकृतिक आपदा
उत्तराखंड के चमोली जिले में आसमानी आफत थमने का नाम नहीं ले रही है,देर रात हुई बारिश से पंचकेदार मंदिरों में से पंचम केदार कल्पेश्वर महादेव मंदिर के ऊपर भारी भूस्खलन हुआ जिससे मंदिर प्रांगण और पुजारी कक्ष में मलबा भर गया, गनीमत रही कि इससे कोई जनहानि नहीं हुई।
चमोली जिले में बारिश के चलते आपदाओं का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। पहले 10 अगस्त को तमक नाले में बादल फटा, फिर 13 अगस्त को टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में भूस्खलन हुआ और अब पंचम केदार कल्पेश्वर मंदिर के ऊपर भारी भूस्खलन हुआ है।
सोमवार देर रात ज्योतिर्मठ विकासखण्ड के पंच केदारों में पंचम केदार कल्पेश्वर मंदिर के ऊपर देर रात भारी भूस्खलन होने से मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में काफी नुकसान हुआ है।
पढ़ें यह खबर : उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत नितिन नवीन की टीम में शामिल, बनाए गए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
कल्पेश्वर मंदिर के सचिव लक्ष्मण नेगी ने बताया कि देर रात से लगातार हो रही बारिश के कारण मंदिर के ऊपर पहाड़ी से भूस्खलन का मलबा गिर गया। इससे मंदिर परिसर के आसपास बने कमरे टिनसेड क्षतिग्रस्त हो गए और बड़ी मात्रा में मलबा मंदिर परिसर में आ गया। घटना में मंदिर परिसर को काफी क्षति पहुंचने की जानकारी है।
पढ़ें यह खबर : देहरादून के सहस्त्रधारा में युवती को सेल्फी लेना पड़ गया भारी, हरियाणा निवासी नेहा की दर्दनाक मौत
स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है। राहत की बात यह है कि भूस्खलन की इस घटना में किसी जनहानि नहीं है। घटना की जानकारी तहसील प्रशासन को दे दी गई है।
चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि तहसील प्रशासन की टीम को मौके पर भेजा जा रहा है। टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया जाएगा।



















