WhatsApp का नया प्राइवेसी फीचर: बिना नंबर शेयर किए ऐसे करें चैट
आज के समय में सोशल मीडिया ऐप्स लगातार अपने यूज़र्स के लिए नए-नए फीचर्स लेकर आते रहते हैं। जैसे कभी Instagram किसी अपडेट की वजह से सुर्खियों में आ जाता है ,तो कभी WhatsApp अपने शानदार फीचर्स से लोगों को सच में हैरान कर देता है। अब फिर से WhatsApp ने अपने यूज़र्स के लिए नया अपडेट दे दिया है। यह फीचर सिर्फ चैटिंग का अनुभव नहीं, बल्कि बहुत से रोज़मर्रा के कामों को भी आसान बना सकता है।
चलिए देखते हैं कि WhatsApp के इस नए अपडेट में आखिर ऐसा क्या है, जो आपके लिए काम का साबित हो सकता है।
WhatsApp ने अपने यूज़र्स के लिए एक नया फीचर लाया है। इस फीचर से यूज़र्स अपना मोबाइल नंबर बताए बिना भी दूसरे लोगों से कनेक्ट हो पाएंगे। इसके लिए WhatsApp Username वाला फीचर शुरू कर रहा है। कंपनी की तरफ से इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। फिलहाल रोलआउट शुरू है, और आगे चलकर ये सुविधा सभी यूज़र्स के लिए उपलब्ध होगी।
नए अपडेट से यूज़र्स को क्या फायदा मिलेगा?
WhatsApp के इस नए फीचर के बाद हर बार आपका मोबाइल नंबर सामने वाले व्यक्ति को नहीं दिखेगा। खासकर जब आप किसी नए व्यक्ति से चैट की शुरुआत करते हैं या किसी बड़े WhatsApp ग्रुप का हिस्सा बनते हैं, तब आपकी पहचान Username के जरिए बनेगी, न कि मोबाइल नंबर से।इससे यूज़र्स की प्राइवेसी पहले से बेहतर होगी। और वे अपनी इच्छा के बिना भी नंबर शेयर किए बिना आसानी से बातचीत कर सकेंगे।
WhatsApp का Username फीचर काम कैसे करेगा?
इस सिस्टम में यूज़र्स अपनी पसंद का एक यूनिक Username सेट कर सकते हैं। इसके बाद लोग मोबाइल नंबर की बजाय उसी Username के जरिए आप तक संपर्क कर पाएंगे।
- 1- Username की लंबाई 3 से 35 अक्षरों के बीच होनी चाहिए।
- 2 - यह प्रोफाइल-टाइप सोशल मीडिया जैसी चीज़ नहीं है, बल्कि यूज़र्स की प्राइवेसी बढ़ाने के लिए बनाया गया है।
- 3 - WhatsApp पर Username की सर्च लिस्ट नहीं होगी, यानी कोई भी आपको आपके Username से ऐसे ही खोज नहीं पाएगा।
- 4 - पहली बार आपसे संपर्क करने के लिए सामने वाले व्यक्ति को आपका सही Username पता होना ज़रूरी होगा।
- 5- चाहें तो यूज़र्स Username Key भी सेट कर सकते हैं। यह अतिरिक्त सुरक्षा देती है, और पहली बार मैसेज भेजने में इस Key की जरूरत पड़ेगी। जरूरत पड़ने पर इसे कभी भी बदला जा सकता है।
- 6-अगर आप Username का इस्तेमाल करेंगे, तो इस फीचर के शुरू होने के बाद किसी नए व्यक्ति या बिजनेस से पहली बार चैट करते समय आपका मोबाइल नंबर नहीं दिखेगा।
WhatsApp का कहना है कि यूज़र्स ऐसा Username चुनें, जिसे वे केवल भरोसेमंद लोगों के साथ ही शेयर करें। अगर Username बनाने में दिक्कत आती है ,तो ऐप एक Username Generator भी देता है, जो नए और यूनिक Username सुझाव देता है।
WhatsApp पर Username कैसे रिजर्व करें?
WhatsApp के अनुसार, यदि आपके फोन में ऐप का लेटेस्ट वर्जन मौजूद है, तो Username रिजर्व करने में सिर्फ कुछ सेकंड लगेंगे। ये स्टेप्स फॉलो करें:
* WhatsApp खोलें और Settings में जाएं।
* Account विकल्प पर टैप करें।
* अब Username पर क्लिक करके अपनी पसंद का उपलब्ध Username चुनें और सेव कर दें।
बिजनेस और क्रिएटर्स के लिए आसान होगी राह :
WhatsApp ने बताया है कि बिजनेस, कंटेंट क्रिएटर्स और संस्थाओं को एक खास सुविधा मिलेगी। जिनके Instagram या Facebook पर पहले से यूज़रनेम हैं, उन्हें वही Username WhatsApp पर भी लेने का मौका मिलेगा। इससे सभी प्लेटफॉर्म पर उनकी पहचान काफ़ी हद तक एक जैसी बनी रहेगी।
फर्जी अकाउंट से कैसे होगी सुरक्षा?
फर्जी पहचान या धोखाधड़ी से बचने के लिए WhatsApp कुछ चुनिंदा यूज़रनेम रिजर्व रखेगा। इनमें बड़े सेलिब्रिटी, सार्वजनिक हस्तियां और सरकारी संस्थाओं से जुड़े नाम शामिल हो सकते हैं, ताकि कोई उनके नाम का गलत इस्तेमाल न कर सके।
कब मिलेगा यह फीचर?
WhatsApp इसे एक साथ सभी यूज़र्स को जारी नहीं करेगा। इसकी शुरुआत चरणों में होगी।
* इस हफ्ते से Username रिजर्व करने की सुविधा शुरू की जा रही है।
* आने वाले महीनों में इसे धीरे-धीरे अलग-अलग देशों के यूज़र्स तक पहुंचाया जाएगा।
* जब यह आपके देश में उपलब्ध होगा, तब WhatsApp ऐप के अंदर इसका नोटिफिकेशन भी देगा।
जल्दी Username रिजर्व करना क्यों जरूरी है?
दुनियाभर में WhatsApp के अरबों यूज़र्स हैं, इसलिए एक ही नाम चाहने वाले लोग भी बहुत ज्यादा होंगे। ऐसे में जो यूज़र जल्दी अपना Username रिजर्व कर लेंगे, उनके पास अपनी पसंद का नाम पाने का बेहतर चांस रहेगा।
Watch Video
Watch the full video for more details on this story.













