स्वेज नहर में अब भी फंसा है विशाल जहाज, समुद्र में लगा भीषण ट्रैफिक जाम | Nation One

दो दिन पहले मिस्र की स्वेज नहर में फंसा विशालकाय मालवाहक जहाज अब भी वहां फंसा हुआ है। इस विशालकाय जहाज को लगातार निकालने की कोशिशें की जा रही है। इस जहाज के फंसे होने के कारण कई जहाज आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं।

इस बीच, जानकारी मिली है कि फंसे हुए जहाज को 25 भारतीय चला रहे हैं और उसे निकालकर जलमार्ग का यातायात फिर सुचारू करने के लिए कोशिशें तेज कर दी गई हैं। 

बताया जा रहा है कि इस विशाल मालवाहक जहाज एवरग्रीन पर पनामा का झंडा लगा हुआ है। 193.3 किलोमीटर लंबी स्वेज नहर भूमध्य सागर को लाल सागर से जोड़ती है। मंगलवार सुबह स्वेज पोर्ट के उत्तर में नहर को पार करने के दौरान कंट्रोल खोने से यह जहाज स्वेज नहर में फंस गया।

इसे निकालने के लिए बड़े पैमाने पर टग बोट्स को तैनात किया गया है। फिर भी आशंका जताई जा रही है कि इस कंटेनर शिप को यहां से निकालने में कई दिनों का समय लग सकता है।

जानकारी के लिए बता दें कि दुनिया में व्यापार का सबसे बड़ा आधार जलमार्ग है। तीन दिनों से लगातार इस जहाज को निकालने की कोशिश की जा रही है। जहाज के फंसने की वजह से पीछे से आने वाले जहाजों की लाइन बनती जा रही है। वहीं अगर स्थिति यही रही तो आम आदमी की जेब पर भी इसका असर पड़ेगा।

बता दें कि जरूरी वस्तुओं के दाम बढ़ सकते है। जानकार हैरानी होगी लेकिन अनुमानों के अनुसार जहाज के फंसने की वजह से वैश्विक व्यापार को हर घंटे 29 अरब रुपये का नुकसान झेलना पड़ रहा है। जहाजों को लंबा रास्ता चुनना पड़ रहा है और उन्हें पांच से छह दिन ज्यादा समय यात्रा में देना पड़ रहा है।