
मिशन 2022 : नमो ऐप के जरिए पीएम मोदी ने चुनावी राज्यों में जनता से मांगा फीडबैक | Nation One
लखनऊ : आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपनी रणनीति बनाना बहुत पहले ही शुरू कर दी है। 2014 के लोकसभा चुनाव की तर्ज पर 2022 का प्रदेश का विधानसभा चुनाव भी हाईटेक तरीके से लड़ा जाएगा।
इस बार भाजपा नमो एप के माध्यम से प्रदेश की जनता का मूड भापेगी और अपनी रणनीति तैयार करेगी। पार्टी सूत्रों की मानें तो इस एप को आगामी विधानसभा चुनाव में नये हथियार के रूप में प्रयोग किया जाएगा।
आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सभी राजनीतिक दल अपनी तैयारियों में जुटे हैं। आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो चुका है। हालांकि भाजपा के लिए यह चुनाव काफी अहम है। यही कारण है कि कोरोना संक्रमण पर काबू पाने के बाद पार्टी के सभी दिग्गजों का फोकस महज चुनाव पर है।
अभी हाल ही आगरा में ब्रज मंडल की बैठक में भी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं को जीत के मंत्र समझाए। अब भाजपा अपने तरकश से नमो एप भी निकालने जा रहा है। सूत्रों की मानें तो इस एप का प्रयोग विधानसभा चुनावों में जमकर किया जाएगा।
इस एप के माध्यम से भाजपा प्रदेश की जनता के रुख का अंदाजा लगाएगी और अपनी रणनीति तैयार करेगी। वहीं इस बार इसी एप के माध्यम से ही विधायकों और बीजेपी नेताओं के काम का फीडबैक भी लिया जाएगा।
बता दें कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नमो एप के माध्यम से लोगों से जुड़ते हैं। यूपी सरकार के मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने बुधवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा से सोशल मीडिया का इस्तेमाल करती रही है। इस बार 2022 के चुनाव में भी नए तरीके से इसका इस्तेमाल होगा।