ब्रेकिंग

वेब स्टोरी

मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना के द्वितीय चरण का शुभारंभ, एक क्लिक पर 488 महिलाओं को 2.76 करोड़ रुपये की सहायता

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सेवक सदन स्थित मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित ‘मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना’ के द्वितीय चरण का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने योजना के दूसरे चरण के तहत 212 नई महिला लाभार्थियों को पहली किस्त के रूप में 1.55 करोड़ रुपये से अधिक तथा प्रथम चरण की 276 महिलाओं को दूसरी किस्त के रूप में 1.20 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से हस्तांतरित की।

इस प्रकार कुल 488 महिलाओं को 2.76 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इससे पहले 10 फरवरी 2026 को योजना के प्रथम चरण में 484 महिलाओं को 3.45 करोड़ रुपये की सहायता दी गई थी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (Pushkar Singh Dhami )ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति का आधार है। उन्होंने बताया कि यह योजना एकल, निराश्रित, विधवा, परित्यक्ता, तलाकशुदा महिलाओं, एसिड अटैक पीड़िताओं, अन्य आपराधिक घटनाओं से प्रभावित महिलाओं तथा ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को स्वरोजगार के माध्यम से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई है। योजना के तहत अधिकतम 2 लाख रुपये तक की परियोजना स्वीकृत की जाती है, जिसमें 75 प्रतिशत तक अनुदान राज्य सरकार देती है।

पढ़ें यह खबर : बड़ी खबर: बिना AI पढ़े अब नहीं मिलेगी उत्तराखंड में सरकारी नौकरी ! UKSSSC ने बदला सिलेबस

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को केवल आर्थिक सहायता ही नहीं, बल्कि सम्मानजनक जीवन और आत्मनिर्भरता का अवसर भी उपलब्ध करा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में करीब 5 लाख महिलाएं 70 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं और 2.65 लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या (Rekha Arya ) ने योजना को महिलाओं के लिए आत्मविश्वास और सम्मान का माध्यम बताया। लाभार्थी महिलाओं ने भी योजना के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।

Watch Video

You Might Also Like