कम संसाधन होने के बावजूद भी कांग्रेस ने हर जगह दी बीजेपी को करारी टक्कर: प्रीतम सिंह

कम संसाधनों के बावजूद भी कांग्रेस ने हर जगह दी बीजेपी को करारी टक्कर: प्रीतम सिंह

देहरादून: निकाय चुनाव में कांग्रेस को मिली करारी हार के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने सूबे के सभी मतदाताओं का आभार जताया है। इसके साथ ही उन्होने यह भी कहा कि कम संसाधनों के बावजूद कांग्रेस ने हर स्तर पर अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश की और भाजपा को कांटे की टक्कर पर ला खड़ा किया। कांग्रेस ने भाजपा की एकतरफा जीत के भ्रम को तोड़ने का भी काम किया है।

यह भी पढ़ें: देहरादून के निवनिर्वाचित मेयर सुनील उनियाल गामा को सीएम रावत ने दी शुभकामनांए

निकाय चुनावों के नतीजे व रुझान आने के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बीते समय में कांग्रेस जिस विकट परिस्थितियों से गुजरी है, उसे देखते हुए कांग्रेस को मुस्तैदी से खड़ा करने की बड़ी चुनौती थी। कांग्रेस ने अपने प्रदर्शन से यह साफ कर दिया है कि पार्टी किसी भी चुनौती से सामना करने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि जिन परिस्थितियों में कांग्रेस का जिम्मा उन्हें मिला था, उन्होंने प्राथमिकता के साथ कांग्रेस को मजबूती से खड़ा करने का काम किया।

अध्यक्ष होने के नाते सभी से सहयोग का काम किया है। कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं ने जिस एकजुटता से काम किया, उसके लिए वह सभी को सेल्यूट करते हैं। उन्होंने भाजपा पर प्रशासन के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि जिस तरह दो से तीन बार रिकाउंटिंग कराई गई, वह सीधे नियमों का उल्लंघन था। निर्वाचन आयोग ने भी सरकार की कठपुतली की तरह काम किया है।