नशे के खिलाफ बनाएं रील्स और शॉर्ट फिल्म, पीएम मोदी ने 'मन की बात' में युवाओं और कंटेंट क्रिएटर्स को दिया बड़ा चैलेंज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 137वें एपिसोड के जरिए देशवासियों को संबोधित किया। आज के संबोधन में पीएम मोदी ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए नशा मुक्ति अभियान, सौर ऊर्जा क्रांति, आधुनिक कृषि, महिला सशक्तिकरण और स्वच्छता जैसे कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
आइए जानते हैं मन की बात कार्यक्रम में पीएम मोदी ने किन विषयों पर चर्चा की :
1. नशामुक्त युवा अभियान
प्रधानमंत्री ने देश की युवा शक्ति को नशे के जाल से सुरक्षित रखने के लिए 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' अभियान पर सबसे ज्यादा जोर दिया।
पीएम ने कहा कि नशे की लत का असर सिर्फ किसी एक व्यक्ति पर नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। इसलिए नशा मुक्त भारत के लक्ष्य को पाने के लिए समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
2. कंटेंट क्रिएटर्स को चैलेंज :
पीएम मोदी ने देश के युवाओं, संगीतकारों, थिएटर ग्रुप्स और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स को एक नया चैलेंज दिया। उन्होंने अपील की कि वे शॉर्ट फिल्म, नुक्कड़ नाटक, गानों और सोशल मीडिया रील्स के जरिए विभिन्न भारतीय भाषाओं में नशे के खिलाफ प्रभावी और जागरूक करने वाला कंटेंट तैयार करें।उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपने इन रचनात्मक प्रयासों को नशा मुक्त युवा हैशटैग के साथ सोशल मीडिया पर साझा करें ताकि यह एक राष्ट्रव्यापी जन-आंदोलन बन सके।
पढ़ें यह खबर : लखनऊ छावनी को 'मॉडल छावनी ' बनाने के लिए सीएम योगी की रक्षा मंत्री की मौजूदगी में 101 करोड़ की सौगात
3 . पीएम सूर्य घर योजना और देश में सौर ऊर्जा क्रांति :
प्रधानमंत्री ने बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहे भारत की जमीनी और प्रेरणादायक कहानियां देश के सामने रखीं:
सफल जमीनी कहानियां: उन्होंने मेरठ के अरुण कुमार की सराहना की, जो सूर्य इनिशिएटिव से ट्रेनिंग लेकर अब अपने क्षेत्र में ऊर्जा प्रदाता (Energy Provider) बन चुके हैं। इसी तरह जयपुर के मुरलीधर की कहानी साझा की, जिन्होंने खेती में हजारों रुपये खर्च कराने वाले पारंपरिक डीजल पंप को छोड़कर सोलर पंप अपनाया और अपनी खेती की पूरी व्यवस्था बदल दी। सोलर एंटरप्रेन्योर के रूप में नाम कमा रहीं पायल की सफलता का भी उन्होंने विशेष रूप से जिक्र किया।
पढ़ें यह खबर : संत प्रेमानंद के सुझाव से पलटी 'Hanuman Ansh' फिल्म की किस्मत; बजट से कमाया 10 गुना मुनाफा !
पीएम मोदी ने बताया कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का बहुत बड़ा लाभ उत्तर-पूर्व के सुदूर इलाकों को मिल रहा है। उन्होंने त्रिपुरा में रियांग (Riang) जनजाति के गांवों का उदाहरण दिया, जो पहले बिजली के संकट से जूझते थे, लेकिन अब सोलर मिनी-ग्रिड्स की बदौलत उनके घर चौबीसों घंटे रोशन हो रहे हैं।
4 .दक्षिण भारत में एवोकाडो (Avocado) की खेती का नया ट्रेंड
कृषि क्षेत्र में हो रहे आधुनिक प्रयोगों की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने एवोकाडो फल की बढ़ती लोकप्रियता और उसकी खेती का विशेष रूप से उल्लेख किया।उन्होंने कहा कि जो फल कुछ समय पहले तक भारत के लिए बिल्कुल अनजाना था, वह अब भारतीय बाजारों और खेतों में अपनी जगह बना रहा है।
किसानों की आय में बढ़ोतरी: आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और कर्नाटक के किसान अब बड़े पैमाने पर पारंपरिक फसलों के साथ-साथ एवोकाडो की आधुनिक खेती को अपना रहे हैं। इससे न सिर्फ किसानों की आय में भारी इजाफा हो रहा है, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो रहे हैं।
पढ़ें यह खबर : लोकल से ग्लोबल हुआ डिजिटल इंडिया: UPI के 10 साल पूरे, 11 देशों तक पहुंची पहुंच; हर दिन 66 करोड़ का लेनदेन
5.पीएम स्वनिधि योजना और महिला सशक्तिकरण
प्रधानमंत्री ने पीएम स्वनिधि (PM SVANidhi) योजना के जरिए आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बन रही देश की महिला स्ट्रीट वेंडर्स की जमकर तारीफ की।
उन्होंने रेखांकित किया कि कैसे छोटे ऋणों (Collateral-free Loans) की मदद से रेहड़ी-पटरी लगाने वाली महिलाएं अपने व्यापार को डिजिटल बना रही हैं, उसे आगे बढ़ा रही हैं और आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारतीय महिलाओं और छात्राओं की बढ़ती भागीदारी को दर्शाने वाली Mission ShaktiSAT पहल का भी गर्व से उल्लेख किया।
प्रेरणादायक कहानियां अपलोड करने की अपील :
137वें एपिसोड का समापन करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने आस-पास समाज को बदलने वाली ऐसी ही सकारात्मक और प्रेरणादायक कहानियों को MyGov Platform पर लगातार साझा करते रहें, ताकि देश के सुदूर इलाकों में बैठे लोगों को भी इनसे आगे बढ़ने की नई ऊर्जा मिल सके।













