लखनऊ : यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून के अंतर्गत प्रदेश के 15 करोड़ गरीबों को होली तक दोगुना मुफ्त राशन वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया है। अब इस योजना के तहत गरीबों को दाल, नमक, चीनी और तेल भी दिया जा रहा है। इस मौके पर उन्होंने योजना भवन के पास स्थित सरकारी राशन की दुकान पर खुद भी लोगों को राशन के पैकेट दिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को राजधानी में प्रदेशव्यापी निशुल्क राशन वितरण अभियान का शुभारंभ करते हुए पूर्व की सरकारों पर करारा हमला बोला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दस लोगों को राशन प्रदान किया, इस दौरान वह काफी भावुक भी हो गए। उन्होंने कहा कि आज हम गरीबों को जो निश्शुल्क राशन दे रहे हैं, वह प्रदेश में पहले भी था। 2017 से पहले यही खाद्यान माफिया के पास चला जाता था और वह लोग इसको बेच देते थे, जबकि गरीब टकटकी लगाए देखता था। उसके हक का खाद्यान दूसरे देश चला जाता था। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहले काफी खाद्यान घोटाला हुआ। पिछली सरकार के कार्यकाल में सैकड़ों लोगों की भूख से मौत हुई, लेकिन सरकार माफिया के दबाव में रही।
डबल इंजन की सरकार का डबल खाद्यान का लाभ भी सबको मिले इसीलिए इसको वितरण योजना को होली तक आगे बढऩे का निर्णय भी लिया गया है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों में प्रदेश में खाद्यान्न घोटाले हुए। गरीबों के अनाज को हड़प कर माफिया उसे दूसरे देशों में भेज देते थे। प्रदेश में भूख से मौतें भी होती थीं। भाजपा सरकार ने राशन वितरण की पारदर्शी व्यवस्था लागू कर इन घोटालों घपलों पर अंकुश लगा दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा शास्त्र भी कहता भूखे को रोटी महापुण्य का काम और अगर सरकारी योजना से जोड़कर दे तो और भी महापुण्य ही है। पीएम मोदी ने देश में खाद्यान वितरण का बड़ा अभियान शुरू किया है।